सरकारी स्कूलों की सफाई के लिए ₹8,000 प्रति माह का बजट मंजूर, जारी हुए नए निर्देश
हरियाणा शिक्षा विभाग ने राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रति माह आठ हजार रुपये ...और पढ़ें

हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने जारी किया रिमाइंडर (AI-Generated image)
HighLights
सरकारी प्राथमिक स्कूलों में सफाई हेतु 8 हजार रुपये
शौचालय, परिसर, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
स्वर्ण जयंती स्वच्छ प्रांगण योजना के तहत बजट
जागरण संवाददाता, नूंह। प्रदेश के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रति विद्यालय प्रति माह आठ हजार रुपये खर्च करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में विद्यालय शिक्षा निदेशालय, हरियाणा ने 13 अक्टूबर को रिमाइंडर जारी कर सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन जिलों में अभी तक संबंधित विद्यालयों को पूरी राशि आवंटित नहीं की गई है, वहां जल्द बजट जारी किया जाए।
जलभराव रोकने की व्यवस्था
निदेशालय के पत्र के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान ऐसे राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी है, जहां पार्ट टाइम वर्कर कार्य नहीं कर रहे हैं। इन विद्यालयों में स्कूल परिसर, छत, शौचालय और खेल मैदान की सफाई के साथ-साथ जलभराव रोकने तथा पानी की निकासी की व्यवस्था भी करनी होगी।
इसके लिए विभाग की ओर से पहले ही प्रति विद्यालय प्रति माह आठ हजार रुपये की दर से बजट जारी किया गया था। यह राशि शिक्षा विभाग के बजट मद के तहत स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में स्वच्छ प्रांगण योजना के लिए निर्धारित की गई है।
स्कूलों को समय पर राशि आवंटित करने के निर्देश
निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पहले जारी की गई राशि विद्यालयों को आवंटित कर निर्धारित कार्य करवाए जाएं। साथ ही, खर्च की जाने वाली राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही सुनिश्चित किया जाए।
विभाग की बजट शाखा से 12 अक्टूबर को प्राप्त रिपोर्ट का हवाला देते हुए पत्र में कहा गया है कि जिन जिलों में अभी तक पूरी राशि आवंटित नहीं की गई है, वे शेष राशि संबंधित विद्यालयों को जल्द जारी करें। इसका उद्देश्य स्कूलों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखना और विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
