प्रधानमंत्री आवास योजना का नहीं मिल पा रहा लाभ
नगरपालिका के अधिकारियों की मनमानी व लापरवाही से पात्रों को नगर पालिका के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा हैं। पुन्हाना के लोगों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संवाद सहयोगी, पुन्हाना :
नगरपालिका के अधिकारियों की मनमानी व लापरवाही से पात्रों को नगर पालिका के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा हैं। पुन्हाना के लोगों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मंजूरी के दो वर्ष बाद भी लोगों को मकान बनाने के लिए पहली किस्त जारी नहीं हुई है। इससे लोगों में नगरपालिका प्रशासन के प्रति भारी रोष है। वहीं लोगों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा से योजना का लाभ दिलाने के लिए गुहार लगाई है।
समीम अहमद, रमजान, नबाव, हेमराज मेहता, रमजान व रहीसन आदि ने बताया कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था। इसे मंजूरी भी मिल गई थी। इसके बाद योजना के तहत प्लाट का नक्शा बनवाने के साथ ही अन्य सभी जरूरी कागजात भी नगरपालिका में जमा कराए थे। इस पर अधिकारियों ने उनकी प्लाटों का सर्वे भी किया था। वहीं योजना के तहत मंजूर राशि भी नगरपालिका के काफी समय पहले ही आई हुई है, लेकिन इसके बाद भी मकान बनाने के लिए उनको पहली किस्त अभी तक नहीं दी गई है। इससे वे बरसात के मौसम में भी बिना छत के रहने को मजबूर हैं। वहीं योजना के लाभ के लिए पिछले एक वर्ष से नगरपालिका के चक्कर काट रहे हैं।
वर्जन..
योजना के तहत आवेदन करने वाले पात्रों की फाइल वेरीफाई कराई जा रही है। जल्द ही इन पात्रों को योजना के तहत पहली किस्त जारी कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-राजाराम, सचिव, नगरपालिका पुन्हाना।