आग-1) दुगरी में लगी आग से आठ पशु जलकर मरे, छह झुलसे
मंगलवार की दोपहर खंड के दुगरी गांव में आग लगने से आठ दुधारु पशुओं की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि छह पशु इसमें बुरी तरह झुलस गए। आग बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी। यहां आग ने कई घरों में भी नुकसान पहुंचाया है।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: गर्मी का मौसम आते ही आग ने भीषण रूप इख्तियार कर लिया है। इसी क्रम में मंगलवार की दोपहर खंड के दुगरी गांव में आग लगने से आठ दुधारू पशुओं की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि छह पशु इसमें बुरी तरह झुलस गए। आग बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी। यहां आग ने कई घरों में भी नुकसान पहुंचाया है। लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल कर्मियों के घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में मुकदमा फाइल कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव दुगरी के ओमप्रकाश, अमरवती, और पप्पू तथा सतीश चंद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनके घरों के आसपास से बिजली के तार गुजर रहे हैं। इनमें अचानक मंगलवार की दोपहर शॉर्ट सर्किट हो गया। तारों से निकली चिगारी यहां पड़े ईंधन में जा लगी। जिसके बाद यहां भीषण आग लग गई। देखते ही देखते यहां आग चारों तरफ फैल गई जिसमें उनके पशु व घर चपेट में आ गए। इस दौरान सात बकरी व एक भैंस इसमें जिदा जल गए। आग लगने की सूचना उनके द्वारा दमकल कर्मचारियों को दी गई। जिसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाना चाहा लेकिन वो आग पर काबू नहीं पा सके। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक उनके घरों में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया। पीड़ितों ने बताया कि इस घटना में उनके पशु व उनका चारा तथा घरों में रखा सामान जल चुका है। पीड़ितों ने सरकार से आर्थिक मदद की मांग की है।
थाना प्रभारी हरीसिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इस संदर्भ में उपमंडल अधिकारी नागरिक को अवगत करा दिया गया है। पुलिस द्वारा भी इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।