पेट्रोल पंप संचालक ने काट डाले हरे पेड़, होगी कार्रवाई
एक पेट्रोल पंप संचालक द्वारा दिल्ली- अलवर हाईवे किनारे लगे हरे पेड़ों को काटने का मामला प्रकाश में आया है।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: एक पेट्रोल पंप संचालक द्वारा दिल्ली- अलवर हाईवे किनारे लगे हरे पेड़ों को काटने का मामला प्रकाश में आया है। वन विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट बनाकर अपने अधिकारियों के पास भेज दी है। मिली जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप संचालक पर भारी जुर्माना लगाने की तैयारी की जा रही है।
अलवर मार्ग पर एक गांव में एक व्यक्ति का पेट्रोल पंप बनना अलॉट हुआ है, जिसके लिए उसने हाईवे के नजदीक जगह अधिग्रहीत कराई है। जिस जगह को पेट्रोल पंप के लिए अधिग्रहित किया गया है, वहां बड़ी संख्या में वन विभाग के पेड़ लगे हैं। संचालक ने पंप बनने में बाधा बन रहे कुछ पेड़ों को काटने के लिए वन विभाग से अनुमति ले ली थी, लेकिन संचालक ने उससे ज्यादा हरे पेड़ काट डाले।
मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी हरकत में आए। वैसे सप्ताह भर पहले काटे गए पेड़ों से हुए नुकसान का आंकलन विभागीय अधिकारी अभी तक खुद नहीं कर पाए हैं। इससे विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। एक पंप संचालक द्वारा बिना अनुमति के बड़ी संख्या में हरे पेड़ काटे गए हैं। विभाग द्वारा संचालक को नोटिस दिया गया है। मौके पर टीम भेजकर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आंकलन के बाद ही जुर्माना तय किया जाएगा।
सुनील कुमार जैन, रेंजर, वन विभाग, फिरोजपुर झिरका