नूंह में 4 डेरियों पर बड़ा एक्शन, 7500 किलो मिलावटी पनीर बरामद; दिल्ली-NCR में होनी थी सप्लाई
नूंह प्रशासन ने मिलावटी पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार डेरियों पर छापा मारा और करीब 7500 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त किया।

चार पनीर डेयरियों पर कार्रवाई की गई। फोटो: जागरण
HighLights
नूंह में चार पनीर डेरियों पर प्रशासन की बड़ी छापेमारी
करीब 7500 किलोग्राम मिलावटी पनीर किया गया बरामद
कार्रवाई के बाद कई डेरी संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कीं
जागरण संवाददाता, नूंह। मिलावटी पनीर तैयार कर बड़े शहरों में सप्लाई किए जाने की शिकायतों के बीच प्रशासन ने बृहस्पतिवार देर रात चार पनीर डेरियों पर बड़ी कार्रवाई की।
प्रशासनिक टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 7500 किलोग्राम मिलावटी पनीर बरामद किया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के डेरी संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने कार्रवाई के डर से अपनी डेरियां बंद कर दीं।
जिले में नकली पनीर को लेकर बीते 26 अगस्त को दैनिक जागरण ने भी यह मामला उठाया। आपको बता दे की सरकार ने पिछले माह आदेश जारी कर पनीर बनाने के लिए 1 साल के लिए प्रतिबंध लगाया हुआ है। जिले में तीन दर्जन से भी ज्यादा पनीर की डरियां अवैध रूप से चल रही हैं।
चार डेरियों में छापेमारी, बड़ी मात्रा में पनीर बरामद
छापेमारी की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास जागलान, एसडीएम अमित कुमार, सदर थाना प्रभारी नरेश कुमार, तहसीलदार संजीव नागर सहित प्रदूषण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की।
टीम ने युसुफ डेरी, खालीद-इसराईल डेरी, पंडित डेरी और सद्दाम डेरी नई पर जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में तैयार पनीर बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि पुन्हाना क्षेत्र की कुछ डेरियों में तैयार किया जाने वाला पनीर दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और मथुरा सहित आसपास के बड़े शहरों में सप्लाई किया जाता है। मिलावट की आशंका के चलते प्रशासन ने डेरियों में तैयार किए जा रहे पनीर और इस्तेमाल होने वाली सामग्री की भी जांच की।
गड्ढे में दबाने की तैयारी में जुटी टीम
छापेमारी के दौरान बरामद पनीर को नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। टीम की ओर से मिलावटी पनीर को गड्ढे में दबाकर नष्ट करने की तैयारी की जा रही थी। वहीं, प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने भी मौके से आवश्यक नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
कार्रवाई के बाद डेरी संचालकों में हड़कंप
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पनीर डेरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने साफ किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के बाद कई डेरी संचालकों ने अपनी डेरियां बंद कर दीं, जिससे क्षेत्र में मिलावट के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रदूषण विभाग की तरफ से सभी डेयरी संचालकों को नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे पहले भी कई पनीर डेरी को नोटिस दिया गया है। तीन डेरी हाल ही में बंद कराई गई हैं,किसी भी सूरत में प्रदूषण के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
-राम निवास , क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी नूंह।
