नूंह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तावड़ू में 55 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
नूंह पुलिस की सीआईए तावड़ू टीम ने नशा मुक्ति अभियान के तहत 262 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर जगमाल ...और पढ़ें
-1793074121957_m.webp)
262 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार। जागरण
HighLights
नूंह पुलिस ने 262 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर पकड़ा।
बरामद हेरोइन की कीमत लगभग 55 लाख रुपये है।
आरोपी जगमाल से पूछताछ जारी, अन्य की तलाश।
संवाद सहयोगी, तावड़ू (मेवात)। नशा मुक्ति अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईए) तावड़ू की टीम ने करीब 55 लाख रुपये कीमत की 262 ग्राम हेरोइन के साथ एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोती के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी की पहचान जगमाल पुत्र फतेह मोहम्मद निवासी शिकारपुर, थाना सदर तावड़ू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे एसआई विजयपाल अपनी टीम के साथ तावड़ू के लखपत चौक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि जगमाल पटौदी चौक से आगे दुकानों के पीछे मोटरसाइकिल पर फुटकर ग्राहकों को हेरोइन बेचने के लिए खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।
नियमों के अनुसार, तलाशी लेने पर आरोपित की पैंट की दाहिनी जेब से पालीथीन में रखी 262 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। मामले में तावड़ू शहर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ में सामने आया दूसरे व्यक्ति का नाम
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह बरामद हेरोइन सेवल पुत्र रफीक निवासी बावला,थाना सदर तावड़ू से खरीदकर लाया था। पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जिला एंटी नारकोटिक्स सेल के नोडल अधिकारी डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाता था और इसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
बता दें कि तावडू सीआईए की यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी क्राइम ब्रांच प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम ने 21 सितंबर को दो किलो 125 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपितों को दबोचा था। जिसकी कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये बताई गई थी।
वहीं, प्रदीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने 26 अगस्त को करीब साढे तीन करोड़ रुपये कीमत की एक किलो 597 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपित वाजिद और कला सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
