विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नूंह में वकीलों को सौगात, 17 अक्टूबर को रखी जाएगी 115 नए चैंबरों की आधारशिला; 460 को मिलेगा अपना ठिकाना

Published: Thu, 15 Oct 2026 07:14 PM (IST)

नूंह न्यायिक परिसर में 17 अक्टूबर को अधिवक्ताओं के लिए 115 नए चैंबरों के ब्लॉक-बी की आधारशिला रखी जाएगी। यह ...और पढ़ें

नूंह में लॉयर्स चैंबर का होगा शिलान्यास

नूंह में लॉयर्स चैंबर का होगा शिलान्यास

HighLights

  1. नूंह न्यायिक परिसर में 17 अक्टूबर को शिलान्यास।

  2. अधिवक्ताओं के लिए 115 नए चैंबर बनेंगे।

  3. न्यायिक परिसर का बुनियादी ढांचा होगा मजबूत।

संवाद सहयोगी, नूंह। नूंह न्यायिक परिसर नूंह में अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं के लिए बनने वाले लॉयर्स चैंबर्स ब्लॉक-बी की आधारशिला आगामी 17 अक्टूबर को रखी जाएगी।

इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं हरियाणा बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी चैंबर ब्लाक का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं नूंह सत्र मंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरप्रीत सिंह बराड़ भी उपस्थित रहेंगे।

नूंह बार के प्रधान एवं अधिवक्ता समीम अहमद ने बताया कि आगामी 17 अक्टूबर को लायर्स चैंबर्स ब्लाक-बी के तहत 115 नए चैंबरों की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला न्यायिक परिसर नूंह में अधिवक्ताओं के लिए पहले भी 115 चैंबरों का शिलान्यास किया जा चुका है, जिस पर पिछले दो वर्ष से निर्माण कार्य जारी है।

230 चैंबर उपलब्ध कराने की है योजना

इस प्रकार से दोनों परियोजनाओं को मिलाकर न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं के लिए कुल 230 चैंबर उपलब्ध कराने की योजना है। बताया गया कि एक चैंबर में दो अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था होगी। इस हिसाब से सभी 230 चैंबरों में कुल 460 अधिवक्ताओं को बैठने की सुविधा मिल सकेगी।

ऐसे में चैंबरों की संख्या बढ़ने से जिला न्यायिक परिसर नूंह के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। चैंबरों की उपलब्धता से अधिवक्ताओं को अपने दैनिक न्यायिक कार्यों, मुकदमों से संबंधित दस्तावेजों के अध्ययन, कानूनी मामलों की तैयारी तथा मुवक्किलों के साथ विचार-विमर्श के लिए व्यवस्थित स्थान मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर

पहले से प्रस्तावित चैंबरों के बाद अब 115 अतिरिक्त चैंबरों के शिलान्यास को इस दिशा में आगे बढ़ने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है। जिला बार एसोसिएशन नूंह के प्रधान एडवोकेट समीम अहमद बदरपुर, सचिव एडवोकेट मोहम्मद नोमान तथा चैंबर कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट नूरुद्दीन नूर की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।

इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, विधायक आफताब अहमद, जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. सुशील कुमार गर्ग तथा नूंह उपायुक्त अखिल पिलानी सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र के प्रमुख लोग शामिल होंगे।