विधायक ने सीएमओ से मांगी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
कांग्रेस के विधायक मामन खान इंजीनियर ने विधानसभा क्षेत्र में बदहाली के दौर से गुजर रही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका : कांग्रेस विधायक मामन खान इंजीनियर ने विधानसभा क्षेत्र में बदहाली के दौर से गुजर रही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने इस संदर्भ में सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव बातिश से मुलाकात कर उन्हें एक लिखित में पत्र सौंपकर क्षेत्र में चल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी मांगी है। विधायक द्वारा सीएमओ को सौंपे गए पत्र में लिखा गया कि अल-आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा व फिरोजपुर झिरका तथा नगीना सीएचसी में वर्तमान में कितने डॉक्टर तैनात हैं, और कितने पद रिक्त हैं। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सूची व कब से अल्ट्रासाउंड (सोनोग्राफी) नहीं हो रही के संबंध में भी जानकारी मांगी है। उन्होंने पत्र में लिखा कि अल-आफिया में कब से बच्चों का डॉक्टर नहीं है और इस क्रम में कितने पद रिक्त हैं। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में जन्म के पश्चात बच्चों की मृत्यु होने के समाचार अकसर मिलते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर यह जानकारी भी मांगी गई है कि बीते दो सालों में कितने बच्चों की मृत्यु हुई है। उन्होंने पत्र के जरिए पूछा कि उक्त अस्पताल में क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में भयानक रूप ले चुके कैंसर की बीमारी से हो रही मौतों का कारण व पिछले पांच सालों का आंकड़ा भी मांगा है। विधायक ने बताया कि वर्ष 2014 से अबतक कितनी सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई हैं इसकी जानकारी भी अस्पताल प्रशासन से मांगी गई है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच सालों में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं। इसके चलते क्षेत्रीय लोग बाहरी जिलों के प्राइवेट अस्पतालों में जाकर अपना इलाज कराने को मजबूर हैं। विधायक ने बताया कि उपरोक्त संदर्भ में जानकारियां मिलने के पश्चात इस मामले को विधानसभा के अंदर सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।