20000 की रिश्वत लेते बिजली निगम का एएलएम रंगे हाथों गिरफ्तार, एंटी करप्शन ब्यूरो ने की कार्रवाई
नूंह में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने तावड़ू बिजली निगम के असिस्टेंट लाइनमैन राकेश कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
-1787835377094_m.webp)
तावडू में रिश्वत लेते पकड़ा गया कर्मचारी। जागरण
HighLights
एसीबी नूंह ने बिजली निगम के एएलएम को पकड़ा।
तावड़ू में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार।
अगस्त में नूंह जिले में एसीबी की छठी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, नूंह। नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा कार्रवाई में एसीबी नूंह की टीम ने तावड़ू बिजली निगम में तैनात असिस्टेंट लाइनमैन (एएलएम) राकेश कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पिछले 15 दिनों में तावड़ू शहर में एसीबी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 13 अगस्त को सदर थाना तावड़ू में तैनात हेड कॉन्स्टेबल प्रियंका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।
एसीबी नूंह के निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि आरोपित राकेश कुमार हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत बिजली निगम में एएलएम के पद पर तैनात था। वह मूल रूप से रेवाड़ी जिले के बावल का रहने वाला है और उसकी ड्यूटी तावड़ू शहर में थी।
शिकायत के अनुसार एक डिफाल्टर उपभोक्ता से मीटर लगाने की एवज में आरोपित ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एसीबी नूंह को दी।
45 हजार रिश्वत की मांग
बता दें कि नगर के शिकारपुर बायपास पर एक उपभोक्ता डिफॉल्टर था। इसी जगह पर शाहिद पुत्र खुर्शीद निवासी गांव पलड़ी जिला नूंह के नाम पर रेंट एग्रीमेंट के आधार पर मीटर लगाने की एवज में आरोपी राकेश कुमार ने 45000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एसीबी को दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और ट्रैप लगाया। टीम ने तावड़ू बाईपास क्षेत्र में आरोपित को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
बिजली निगम से जुड़े सूत्रों के अनुसार आरोपित के खिलाफ पहले भी रिश्वत मांगने की शिकायतें सामने आती रही थीं। उसकी गिरफ्तारी के बाद बिजली निगम में भी हड़कंप मच गया।
अगस्त में छठी कार्रवाई
अगस्त महीने में नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की यह छठी बड़ी कार्रवाई है। अकेले बिजली निगम में अब तक चार कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं। इससे पहले बिजली निगम के एक लाइनमैन और एक एलडीसी को पांच-पांच हजार रुपये और एक फोरमैन को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा पुलिस, स्वास्थ्य और पेंशन विभाग से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ भी एसीबी कार्रवाई कर चुकी है।
