छापा पड़ते ही मची भगदड़, कबाड़ की दुकानों से 53 इंजन जब्त; मेवात में चल रहा था बड़ा 'खेल'
मेवात के पिनगवां क्षेत्र में पुलिस ने कबाड़ की दुकानों पर छापामारी कर 53 गाड़ियों के इंजन बरामद किए हैं। ...और पढ़ें
-1789553343183_m.webp)
कबाड़ की दुकान पर छापामारी। जागरण
HighLights
पिनगवां क्षेत्र के बारा-रीठट गांव में पुलिस की छापेमारी।
कबाड़ की दुकानों से 53 गाड़ियों के इंजन बरामद हुए।
पुलिस इंजनों के दस्तावेजों और वास्तविक मालिकों की जांच कर रही।
संवाद सहयोगी, पिनगवां (मेवात)। मेवात में पिनगवां क्षेत्र के गांव बारा-रीठट में अवैध रूप से कटे वाहनों के पार्ट्स पर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देशानुसार और डीएसपी पुन्हाना के नेतृत्व में पिनगवां थाना पुलिस व सीआईए पुन्हाना की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह गांव की कबाड़ दुकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी की। छापामारी के दौरान दुकान पर भगदड़ मच गई। करीब दो दर्जन से अधिक जवानों की मौजूदगी में सुबह पांच बजे शुरू हुआ यह सर्च आपरेशन शाम तक चला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानों से कुल 53 गाड़ियों के इंजन बरामद किए हैं। इनमें 49 भारी वाहनों ट्रक और चार कारों के इंजन शामिल हैं। अचानक हुई इस भारी छापेमारी से कबाड़ कारोबारियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।
कार्रवाई के बाद कुछ कबाड़ के दुकानदार थाने पहुंचने लगे। दुकानदारों का कहना है कि वे इंजनों के कागजात पेश करने के लिए तैयार हैं।
वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद सभी इंजनों के चेसिस व इंजन नंबर का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जांच में जिन इंजनों के दस्तावेज सही पाए जाएंगे, उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अदालत के जरिए ही संचालकों को सुपुर्द किया जाएगा। देर शाम तक पुलिस टीम जब्त किए गए इंजनों को चिन्हित करने, उनकी नंबरिंग और वास्तविक मालिकों का सुराग लगाने में जुटी रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विदित रहे कि इससे पहले भी रीठट गांव में कबाड़ियों के यहां पर छापेमारी की गई थी। आरोप है कि यहां पर चोरी के वाहनों को काटकर बेचा जाता है।
