गर्मी बढ़ते ही शुरू हुई बिजली की आंख-मिचौली, गहराया जल संकट
एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गर्मी का प्रकोप चरम सीमा पर है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संवाद सहयोगी, पुन्हाना :
एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गर्मी का प्रकोप चरम सीमा पर है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही अब बिजली की भी आंख-मिचौली शुरू हो गई है। इससे जल संकट भी गहरा गया है। लोगों और पशुओं के लिए पीने के पानी की किल्लत होने लगी है। यहीं हाल रहे तो आनेवाले दिनों में बिजली-पानी की समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
क्षेत्रवासी साहिब कलाम, असरू, हनीफ, लक्ष्मण, लेखराज, अकबर व सिराजु आदि ने बताया कि पिछले दिनों के मुकाबले भीषण गर्मी में बिजली कट से परेशानी बढ़ गई है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से जीना दूभर हो गया है। पानी का संकट भी पैदा हो गया है। गांवों में पशुओं के लिए बने अधिकतर पोखर सूख गए हैं। इस कारण पशुओं को न पानी पीला पा रहे हैं न ही उन्हें नहला पा रहे हैं। खुद के पीने के पानी के लिए भी दूर-दराज तक भटकना पड़ रहा है। अधिकतर गांवों में टैंकरों से खरीदकर पानी पी रहे हैं।
--कोट-----
- गांव-गांव तक पानी पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। जहां पाईप लाइन के जरिए पानी नहीं पहुंच पा रह है वहां पर टैंकरों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को पीने के पानी की समस्या का सामना ना करना पडे।
- विनोद कुमार, एक्सइएन रैनीवैल डिवीजन पुन्हाना।