फ्री में सरसों का बीज मिलना शुरू, नूंह में बारिश की मार झेलने वाले किसानों को बड़ी राहत
लगातार बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए कृषि विभाग ने नूंह के तावड़ू खंड में निशुल्क सरसों बीज का वितरण शुरू किया है।
-1793073788255_m.webp)
कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को सरसों की बीज का वितरण करते हुए। जागरण
HighLights
बारिश से प्रभावित किसानों को निशुल्क सरसों बीज वितरण।
तावड़ू खंड में 1800 किलोग्राम बीज उपलब्ध कराया गया।
आरकेवीवाई योजना के तहत आधार कार्ड पर मिल रहा बीज।
संवाद सहयोगी, तावड़ू। लगातार बारिश और मौसम की मार से सरसों की बुवाई प्रभावित होने के बाद किसानों को राहत देने के लिए कृषि विभाग ने निशुल्क सरसों बीज का वितरण शुरू कर दिया है।
नूंह जिले के तावड़ू खंड में राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड की ओर से 1800 किलोग्राम सरसों का बीज उपलब्ध कराया गया है। इसकी कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। पिछले चार-पांच दिनों से चल रहे वितरण अभियान में अब तक करीब 500 किलोग्राम बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है। इससे पहले फिरोजपुर झिरका में भी किसानों को सरसों बीज का वितरण किया जा चुका है।
हर बैग में दो किलोग्राम बीज
खंड कृषि अधिकारी डॉ. श्याम सुंदर ने बताया कि आरकेवीवाई योजना के तहत किसानों को यह बीज निशुल्क दिया जा रहा है। बीज का वितरण खंड कृषि कार्यालय, तावड़ू में एफपीओ वैल्यू चेन पार्टनर की देखरेख में किया जा रहा है। प्रत्येक बैग में दो किलोग्राम बीज है।
किसानों को आधार कार्ड और फार्मर आइडी के आधार पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग को सरसों की उन्नत किस्म आरएच-1706 और आरएच-1424 का बीज प्राप्त हुआ है।
किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ रही
उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई किसानों की सरसों की फसल की बुवाई प्रभावित हुई है। कुछ किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ रही है,जबकि कई किसान तीसरी बार बुवाई की तैयारी में हैं। इससे किसानों की लागत बढ़ने के साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
विभाग की ओर से अपील की गई है कि सरसों की दोबारा बुवाई करने वाले किसान खंड कृषि कार्यालय,तावड़ू से निशुल्क बीज प्राप्त कर सकते हैं। योजना के तहत बीज का वितरण पहले आओ,पहले पाओ के आधार पर किया जा रहा है।
