ससुराल पक्ष पर विवाहिता की हत्या का आरोप
पलवल जिले के गांव कोट में दहेज के लोभी ससुराल पक्ष पर विवाहित को जहर देकर मारने का आरोप लगा है। बहीन पुलिस ने इस संदर्भ में पीड़ित पिता की शिकायत पर दो महिला सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है..
जागरण संवाददाता, नूंह : नूंह खंड के गांव रिठौड़ा निवासी अरशद ने बेटी की हत्या का आरोप पलवल जिले के गांव कोट निवासी ससुराल पक्ष के छह लोगों पर लगाया है। पिता का आरोप है कि दहेज के लिए बेटी की हत्या की गई है। बहीन पुलिस ने इस संदर्भ में पीड़ित पिता की शिकायत पर दो महिला सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने उपरांत परिजनों को सौंप दिया है।
पीड़ित पिता अरशद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शबनम की शादी पलवल जिले के कोट गांव के नसीहत के साथ करीब 6 साल पहले कराई थी। अपनी हैसियत के हिसाब से खूब दहेज भी दिया। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही उनकी लड़की के साथ दहेज के लिए मारपीट करने लगे। लड़की का भाई ओराफ हुसैन उसे करीब 3 दिन पहले ही उसे उसकी ससुराल कोट छोड़कर आया था। पीड़ित पिता ने बताया कि रात में दामाद नसीहत ने फोन पर उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद उनकी बेटी के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की, जिसके निशान उसके शरीर पर हैं। पिता अरसद ने कहा कि पिटाई के बाद आरोपितों ने शबनम को जहर देकर मार दिया। शबनम को ससुराल पक्ष के लोग नलहड़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां शबनम ने दम तोड़ दिया। शबनम की दो बेटियां भी हैं। जिनमें एक आठ माह की मासूम भी है। वहीं सूचना मिलने के बाद पीड़ित पक्ष के लोग मेडिकल पहुंचे।
बहीन पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नसीहत पुत्र यूसुफ, हैदर पुत्र यूसुफ, यूसुफ पुत्र इमाम खां, लियाकत पुत्र इमाम खां के अलावा सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।