फरीदाबाद बस सेवा बंद होने से यात्री परेशान
जागरण संवाददाता, पुन्हाना : पुन्हाना से फरीदाबाद जाने वाली बस सेवा बंद होने की से सैंकड़ों यात्र
जागरण संवाददाता, पुन्हाना :
पुन्हाना से फरीदाबाद जाने वाली बस सेवा बंद होने की से सैंकड़ों यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को मजबूर होकर प्राइवेट वाहनों के माध्यम जाना पड रहा है। खासतौर से दैनिक यात्रियों को ज्यादा परेशानी हो रही है। पुन्हाना और आसपास के गांवों से होडल, पलवल, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, दिल्ली और नोएडा आदि इलाकों में सरकारी और गैर सरकारी नौकरी करने के लिए सैंकड़ों लोग जाते हैं। इनमें बहुत से लोग अध्यापक, पुलिस विभाग और दूसरे विभागों में कार्यरत हैं। अधिकतर लोग व्यवसाय के लिए भी हर रोज जाते रहते हैं। एएसआई अब्बास, जमशेद, लोकेश, अली मोहम्मद, जुबेर, साबिरा अध्यापिका, अरशद, निसार और दीन मोहम्मद आदि का कहना है कि पुन्हाना से हर रोज सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर पुन्हाना से फरीदाबाद बस चलती थी। जिसे बिना किसी कारण के करीब 10 दिन पहले बंद कर दिया गया। बस की सभी 52 सीटें भरने के अलावा भी काफी लोग खड़े होकर जाते थे। इन सवारियों में अधिकतर नौकरी करने वाले और अपना व्यापार का सामान दिल्ली से लाने वाले होते थे। उनका कहना है कि सुबह बस चलने से सभी लोग अपने-अपने कार्याें पर समय पर पहुंच जाते थे, लेकिन अब उनको खासी परेशानी होती है। जब से बस बंद की गई है। उनको प्राइवेट बसों या प्राइवेट जीपों का सहारा लेना पड़ता है। एक तो उनको किराया अधिक देना पड़ता है दूसरे प्राइवेट वाहनों से समय भी ज्यादा लगता है। दैनिक यात्रियों ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि पुन्हाना से फरीदाबाद बस सेवा को तुरंत शुरू किया जाए जिससे लोगों को फायदा मिल सके।