कुएं में नहाने उतरे दो युवकों की मौत
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका : फिरोजपुर झिरका के गांव बीवां पंचायत के अंतर्गत मनियाबास गांव के लो
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका : फिरोजपुर झिरका के गांव बीवां पंचायत के अंतर्गत मनियाबास गांव के लोगों के लिए रविवार का दिन काला दिन साबित हुआ। यहां दो युवकों की कुएं से निकली गैस ने जान ले ली। मृतकों में से एक युवक पहले कुएं में नहाने उतरा था लेकिन कुंए में मौजूद जहरीली गैस से उसका दम घुटने लगा तो उसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी कुएं में उतर गया जिसके बाद दोनों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवकों की पहचान इरसाद व मुरसलीम निवासी मनियाबास के रूप में हुई है। घटना के पश्चात दोनों युवकों के शवों को कुएं से निकालकर देर रात दफना दिया गया। पुलिस के पास इस बाबत कोई जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार गांव का मुरसलीम नाम का एक युवक नहाने के लिए कुएं में उतरा था। इसी बीच जब उसका कुएं में जहरीली गैस के कारण दम घुटने लगा तो साथ में मौजूद इरसाद भी मुरसलीम की जान बचाने के लिए कुएं में उतर गया, जिसके बाद दोनों की कुंए में दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस रस्सी के सहारे दोनों युवक उतरे थे उसी रस्सी के सहारे उन्होंने वापिस आने का प्रयास भी किया था लेकिन जहरीली गैस का कुएं में अधिक प्रभाव होने के चलते दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने रस्सी की सहायता से दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला और उन्हें दफना दिया। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बना कुआं काफी पुराना है इसकी लंबे समय से सफाई नहीं हुई थी। कुएं में नीचे काफी कीचड़ होने तथा मलबा होने के चलते इसमें जहरीली गैस का प्रभाव बढ़ा हुआ था।