मेवात में पूरे उत्साह और उमंग से की गई होलिका पूजन
जागरण संवाददाता, मेवात : आमतौर पर त्योहारों को सादगी से मनाने वाले मेवात में होली पर इस बार उत
जागरण संवाददाता, मेवात :
आमतौर पर त्योहारों को सादगी से मनाने वाले मेवात में होली पर इस बार उत्साह और उमंग कुछ ज्यादा ही दिख रहा है। हुड़दंग और उल्लास से मेवात सराबोर होती जा रही है। यानी शुक्रवार को पूरी मस्ती का फुल इंतजाम हो गया है।
बृहस्पतिवार को होली पर महिलाएं और बच्चों ने पारंपरिक अंदाज में होलिका पूजन किया। हरियाणवीं संस्कृति और सभ्यता का समावेश लिए होली मिलन और मंगल गीतों के जरिए महिलाओं ने भक्त प्रहलाद की भक्ति को उत्तम बता कर परमात्मा से ऐसी भक्ति की कामना की तो, होलिका पूजन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। शहरों से लेकर गांवों तक होली की उमंग दिखाई दी। महिलाएं समूह बनाकर होलिका पूजन करने पहुंची। बाजार में युवाओं ने एक दूसरे को गुलाल लगा कर होली की बधाई दी। बाजार में आज से होली का रंग चढ़ा दिखाई दिया। दुकानदारों से लेकर खरीदार एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाते दिखे।
अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए पहचाने जाने वाले मेवात में सभी संप्रदाय के लोग एक दूसरे को होली की बधाई देते देखे गए। हालांकि कुछ लोगों ने अभी रंगों से दूरी ही बना रखी है, लेकिन शुक्रवार को पूरे उमंग और उत्साह से होली मनाने की पूरी तैयारी है।