विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विजय थलापति के नाम पर ₹1.5 लाख की ठगी, फेसबुक विज्ञापन के झांसे में आया नांगल चौधरी का व्यापारी

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:33 PM (IST)

नांगल चौधरी के एक दुकानदार मुकेश कुमार विजय थलापति के नाम से फेसबुक पर दिखाए गए विज्ञापन के झांसे में आकर ₹1.5 लाख की ठगी का शिकार हो गए।

नागल चौधरी के व्यापारी से ठगी। सांकेतिक तस्वीर

नागल चौधरी के व्यापारी से ठगी। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. फेसबुक पर विजय थलापति के नाम से ठगी।

  2. दुकानदार मुकेश कुमार ने गंवाए ₹1.5 लाख।

  3. नांगल चौधरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, नांगल चौधरी (महेंद्रगढ़)। सोशल मीडिया पर नामी हस्तियों के नाम का सहारा लेकर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है।

शाहबाजपुर निवासी क्रॉकरी-गिफ्ट दुकानदार मुकेश कुमार ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम से दिखे विज्ञापन के जरिए आर्थिक मदद का भरोसा दिलाकर एक लाख 50 हजार 950 रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है।

शिकायत के आधार पर नांगल चौधरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक पर विज्ञापन देखा

पुलिस को दी शिकायत में मुकेश कुमार ने बताया कि 14 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे उसके फेसबुक अकाउंट पर विजय थलापति के नाम से एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कुछ पैसे जमा करवाने के बदले आर्थिक मदद मिलने का भरोसा दिलाया जा रहा था। इस पर विश्वास करके उसने विज्ञापन में दिए गए संपर्क नंबर पर फोन किया।

पीड़ित के अनुसार, फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया और उसे एक नंबर पर पैसे भेजने के लिए कहा।

किस्तों में रकम ट्रांसफर की

मुकेश कुमार का आरोप है कि आरोपी के कहने पर उसने 14, 15 और 16 सितंबर को लगातार तीन दिन तक अपने फोन-पे अकाउंट से अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर की। हालांकि, पैसे भेजने के बावजूद उसे कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली। इसके बाद उसे अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ।

पीड़ित ने 20 सितंबर को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 25 अक्टूबर को वह नांगल चौधरी थाने पहुंचा और लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।

मामले की जांच पीएसआई विक्रम सिंह कर रहे हैं। पुलिस जांच में अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और रकम के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।