उदयपुर और दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी राहत; नियमित करने की उठी मांग
रेलवे ने त्योहारी सीजन के लिए उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच नई स्पेशल ट्रेन (09617/09618) शुरू की है, जो ...और पढ़ें
-1792758822325_m.webp)
उदयपुर–दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन शुरू। जागरण
जागरण संवाददाता, नारनौल। रेलवे ने त्योहारी सीजन को देखते हुए उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच गाड़ी संख्या 09617/09618 नई स्पेशल गाड़ी शुरू की है।
नारनौल को पहली गाड़ी सुबह सात बजकर 40 मिनट पर पहुंची। सप्ताह में एक दिन चलने वाली यह गाड़ी उदयपुर से बुधवार को रात्रि नौ बजकर 15 मिनट पर चलेगी। गुरुवार सुबह सात बजकर 40 मिनट पर नारनौल पहुंचेगी । दिल्ली सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी।
दिल्ली सराय रोहिल्ला से वापस दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर गुरुवार को चलेगी और रेवाड़ी दोपहर तीन बजे पहुंचेगी। नारनौल तीन बजकर 50 मिनट पर पहुंचेगी। रिंंगस पांच बजकर 27 मिनट पर, अजमेर रात्रि आठ बजकर 45 मिनट पर पहुंचेगी।
शुक्रवार सुबह चार बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। उदयपुर सिटी से अगले बुधवार को चलेगी और नारनौल होते हुए दिल्ली सरायरोहिल्ला पहुंचेगी।
गाड़ी को नियमित करने की मांग तेज
उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच गाड़ी संख्या 09617/09618 का छह ट्रिप के लिए संचालन शुरू होने से रेवाड़ी–नारनौल–नीमकाथाना–रींगस–फुलेरा रेलखंड के यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल सुविधा मिली है। दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल (पंजीकृत) ने इस पहल का स्वागत करते हुए ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की मांग की है।
संघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं रेल मित्र गणेश शर्मा ने कहा कि उदयपुर से दिल्ली के बीच इस रेल सेवा की मांग संघ द्वारा पहले भी रेलवे प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है। इस ट्रेन का फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, अटेली और रेवाड़ी जैसे स्टेशनों से होकर गुजरना क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इससे दिल्ली और राजस्थान के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को ट्रेन के संचालन के अवसर पर संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य नारनौल रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहे। इस दौरान अध्यक्ष गणेश शर्मा, उपाध्यक्ष पूनम चंद फौजदार, संगठन प्रभारी एडवोकेट अमन जैन तथा कोषाध्यक्ष हितेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्यों ने ट्रेन का स्वागत किया।
