लू के साथ गर्मी की मार, पारा 45 के पार
क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।
जागरण संवाददाता, नारनौल : क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.4 तथा न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 45 तथा न्यूनतम डिग्री 26.6 डिग्री पर पहुंच गया। इस प्रकार रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को रात भी गर्म होने लगी है। इस बार मई माह में ही भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसा दिया, जबकि गर्मी का माह जून अभी शेष है। ऐसे में तापमान और अधिक बढ़ने के आसार बने हुए है। हालांकि कोरोना संक्रमण को लेकर लागू लॉकडाउन के चलते लोग घरों में दुबके हुए है, परंतु भीषण गर्मी के आगे लोग घरों में भी बेबस नजर आए।
गत वर्ष 23 मई को जहां अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस था, परंतु इस बार अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी गत वर्ष के मुकाबले अधिक है। बृहस्पतिवार सुबह से ही प्रचंड गर्मी व गर्म हवाओं के थपेड़ों के चलते लोग बाहर निकलने की बजाय घरों में ही दुबके रहे। बहुत जरूरी कार्य से ही लोग घरों व दफ्तरों से बाहर निकले। लगातार बढ़ते तापमान से लोगों ने घरों में गर्मी से बचाव के लिए लगाए गए पंखे, कूलर व एसी भी जवाब दे गए है। वहीं प्रचंड गर्मी के चलते सड़कें भी तवे की तरह तपती रही। यहीं नहीं, घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियों में भी पानी उबाल खा गया। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिजली कटं में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इससे लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। भीषण गर्मी के चलते बाजार भी सुनसान दिखाई दिए। सुबह के समय बाजारों में कुछ चहल-पहल दिखाई दी, परंतु दोपहर से सायं तक बाजारों में न के बराबर लोग दिखाई दिए।