पर्यावरण को स्वच्छ और हरा भरा बनाने में जुटी है सामाजिक संस्था
सामाजिक संस्था बीइंग ह्यूमन सेवा मंडल द्वारा पिछले ढाई साल से पर्यावरण प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए काम कर रही है।
संवाद सहयोगी, कनीना: सामाजिक संस्था बीइंग ह्यूमन सेवा मंडल द्वारा पिछले ढाई साल से पर्यावरण प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए काम कर रही है। संस्था ने जून 2018 में क्षेत्र में डेढ़ लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया था। इनमें से सार्वजनिक क्षेत्र, गांवों में गोचर भूमि, सरकारी अस्पताल व स्कूल तथा शहीद स्मारकों पर एक लाख 5 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। संस्था ने महेंद्रगढ़ जिले के तीनों ब्लाकों कनीना, सतनाली व नांगल चौधरी के लगभग 248 राजकीय वरिष्ठ स्कूलों में लगभग 80 हजार पौधे शिक्षा विभाग के पौधागीरी अभियान के तहत लगाए गए व उनके संरक्षण के बारे में बच्चों को समझाया गया। इसी के साथ साथ संस्था ने क्षेत्र की शहीद स्मारकों पर 25 हजार पेड़ लगाए गए हैं। संस्था की तरफ से कृष्ण फौजी, अजय शर्मा, नितेश ,गौरव, नवीन हिसार, चेतन नांगल माला एवं संस्था के अन्य सदस्य पूरे साल क्षेत्र में पौधे लगाने का कार्य करते हैं। पिछले साल पर्यावरण दिवस पर इस नेक कार्य के लिए पर्यावरण मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने हरियाणा में पर्यावरण संरक्षण पर सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर सम्मानित किया था।
संस्था के अध्यक्ष नवीन कौशिक का कहना है कि अपने इस अभियान को और तेजी से चलाएंगे, जिससे कि पर्यावरण को स्वच्छ व सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि हम अब तक कीकर, बढ़, पीपल, नीम, सहेजना, पपड़ी, शहतूत, अनार, आम, बेरी, जामुन ,तुलसी व और भी फलदार व छायादार पौधे लगा चुके हैं । इस बार जून में संस्था द्वारा घर-घर जाओ पेड़ लगाओ अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसमें जिले के हर घर में संस्था के सदस्य पौधे लेकर जाएंगे और अपने हाथों से पौधरोपण करेंगे। इसके साथ-साथ ही पक्षियों के पीने के लिए पानी के सिकोरे भी रखे जाएंगे।