महिला सुरक्षा जागरूकता विषय पर हुआ सेमिनार
मोहल्ला चौधरीयान स्थित हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारनौल में शनिवार को महिला सुरक्षा जागरूकता विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, नारनौल : मोहल्ला चौधरीयान स्थित हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारनौल में शनिवार को महिला सुरक्षा जागरूकता विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय चेयरमैन हितेन्द्र शर्मा व निदेशिका संगीता शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करके की। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन समाचार पत्रों में दुष्कर्म जैसी खबरें पढ़कर मन बहुत दुखी हो जाता है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि आखिर बेटियों को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले ये दरिंदे कब तक खुली हवा में सांस लेते रहेंगे। कुछ वर्ष पूर्व निर्भया, फिर उन्नाव कांड और अब हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या जैसी असामाजिक घटनाएं सामने आई है। हमारे धर्म ग्रंथों में भी लिखा है यत्र नार्यस्तु पुज्यन्ते रमनते तत्र देवता अर्थात जहां पर नारी की पूजा की जाती है या सम्मान किया जाता हैं, वहां पर देवता का निवास होता है। जिस देश में ऐसे महान कथन कहे गये वहां महिलाओं की इतनी दयनीय स्थिति होना बहुत दुख की बात है।
अध्यापक राहुल सोनी ने महिला सुरक्षा के बारे में बताते हुए कहा कि हम उस भारत देश से हैं जहां महिलाओं के सम्मान के लिए रामायण और महाभारत जैसे युद्ध हुए हैं। भारत देश महिलाओं की सुरक्षा के मामले में सबसे असुरक्षित देशों में से एक है। इसलिए जरूरी है कि हर जनमानस को इसके लिए जागरूक किया जाए और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को एक नया कानून बनाना चाहिए, जिसमें ऐसे समाज के दुश्मन और दरिदों को जल्द से जल्द फांसी पर लटकाया जा सके। प्रवक्ता अवनीश कुमार ने कहा कि किसी सुनसान रास्ते पर अगर कोई महिला अकेले मदद के लिए खड़ी हो तो वहां उपस्थित पुरुषों की ये जिम्मेदारी बनती है कि उस महिला को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाएं और हर संभव मदद करें, क्योंकि अकेली खड़ी लड़की मौका नहीं जिम्मेदारी होती है।
इस मौके पर प्राचार्य संजय कुमार, रामनिवास डीपीई, अशोक यादव, शुभराम यादव, अमन कुमार, योगेश कुमार, पवन कुमार, विशाल कुमार, सोनू गुप्ता, आरती गर्ग, शिक्षा कुमारी, राजेंद्र कौर व चारू अनरेजा आदि मौजूद थे।