अवैध संबंधों के शक में की थी हत्या, जीजा साला समेत चार काबू
करीब एक सप्ताह पहले गांव पांचनौता में सड़क मार्ग पर हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या करने के आरोप में जीजा-साला सहित चार लोगों को काबू किया है।
जागरण संवाददाता, नारनौल :
पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले गांव पांचनौता में हुई हत्या के मामले में जीजा-साला समेत चार लोगों को काबू किया है। हत्या के मुख्य आरोपित ने अपनी
पत्नी से अवैध संबंध के शक में की थी। चारों आरोपितों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। 23 फरवरी की शाम निजामपुर चौकी पुलिस को पांचनौता गांव के पास अज्ञात व्यक्ति घायल अवस्था में मिला था। पुलिस घायल को उपचार के लिए लेकर जा रही थी तभी उसने रास्ते में दम तोड़ दिया था। मृतक की पहचान कैलाश पुत्र देवकरण निवासी नयागांव गोबिदपुरा राजस्थान के रूप में हुई थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कैलाश उस दिन अशोक के साथ देखा गया था। पुलिस ने इस पर अशोक की तलाश की तो उसका मोबाइल बंद मिला। सोमवार शाम अशोक और उसके तीन साथियों की रूपसराय पशु अस्पताल के पास होने
की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अशोक पुत्र फूलचंद निवासी ढाणी खालड़ा हरजनपुरा और उसके साथी गौतम पुत्र बुधराम निवासी दलपतपुरा, राजस्थान, महेंद्र पुत्र जयमल निवासी रूपसराय व अनिल पुत्र जयमल निवासी नारेहड़ी को काबू कर लिया। अशोक व गौतम जीजा साले हैं। पूछताछ ने इन
आरोपितों ने कैलाश की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपित अशोक ने बताया कि कैलाश उसकी पत्नी से अक्सर मोबाइल पर बात करता
था। कैलाश ने ही अशोक की पत्नी को मोबाइल दिला रखा था। अशोक ने यह बात अपने साले गौतम को बताई। इस पर दोनों ने उसे सबक सिखाने की ठानी। गत 23 फरवरी को अशोक ने कैलाश को फोन करके बुलाया और बाइक पर बैठाकर रूपसराय लेकर गया। वहां पहले से गौतम व उसके पांच-छह दोस्त मौजूद थे।
आरोपित कैलाश को जंगल में ले गए और शराब पिलाकर लाठी-डंडों से मारपीट कर अधमरी अवस्था में पांचनौता सड़क पर छोड़कर फरार हो गए थे।