कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए नेहरू युवा केंद्र ने चलाया अभियान
नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिले के सभी ब्लॉकों में युवा मंडल के सहयोग के साथ पोषण पखवाड़ा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, नारनौल : नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिले के सभी ब्लॉकों में युवा मंडल के सहयोग के साथ पोषण पखवाड़ा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला युवा समन्वयक महेंद्र कुमार नायक ने कहा कि केंद्र सरकार कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए देश भर में नेहरू युवा केंद्र द्वारा पोषण अभियान चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष-2018 में आठ मार्च को राजस्थान के झुंझुनूं से इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसका लक्ष्य जीवनशैली में बदलाव लाकर कुपोषण में चरणबद्ध ढंग से कमी लाना है। इसके तहत बच्चों की शारीरिक बढ़वार रुकने, पोषण की कमी और बच्चों, महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया यानी रक्त की कमी तथा शिशु के जन्म के समय कम वजन जैसी समस्याओं से निपटने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अभियान के दौरान वालंटियर रवींद्र, केशव, आशीष, कृष्ण कुमार, प्रियंका, नरेश कुमार, कर्मपाल, लख्मीचंद, पिकी यादव, जितेंद्र, नवीन कुमार आदि द्वारा आठ मार्च से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कर्मपाल ने बताया कि यह अभियान कार्यक्रम न हो कर एक जन आंदोलन की तरह है। इसलिए इसमें सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है।