विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Monsoon 2026: एनसीआर में कब होगी मानसून की एंट्री, जून के आखिरी दिनों में झमाझम बारिश की संभावना

Published: Thu, 25 Jun 2026 02:09 PM (IST)

एनसीआर में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं, जून के अंत तक मानसूनी वर्षा की संभावना है। बुधवार को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. महेंद्रगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज, जून अंत तक वर्षा।

  2. हल्की बारिश से तापमान गिरा, भीषण गर्मी से राहत मिली।

  3. तेज हवाओं, मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका।

जागरण संवाददाता, नारनौल। एनसीआर में लंबे इंतजार के बाद मानसून की गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जून महीने के अंतिम दिनों में महेंद्रगढ़ सहित दक्षिण हरियाणा में मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना है। बुधवार अलसुबह से जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

पर्यावरण क्लब राजकीय महाविद्यालय नारनौल के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि महाराष्ट्र को पूरी तरह कवर करने के बाद मानसून गुजरात और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से जल्द ही हरियाणा में भी मानसून सक्रिय होगा। जुलाई के पहले हफ्ते तक मानसून के पहुंचने की संभावना है। महेंद्रगढ़, कनीना और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

तापमान गिरने से गर्मी से राहत

सुबह तेज आंधी और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। वहीं शाम के समय कनीना क्षेत्र में भी हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिससे मौसम पूरे दिन सुहावना बना रहा। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार नारनौल में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले दिनों की तुलना में तापमान में आई गिरावट ने लोगों को राहत पहुंचाई।

बुधवार अलसुबह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और दिनभर चलती रही हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बनाए रखा। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है।