महेंद्रगढ़ के लोगों को बड़ी राहत: 68 करोड़ से आधुनिक बनेगा उप-मंडलीय अस्पताल, सतनाली में बनेगा नया CHC
महेंद्रगढ़ के उप-मंडलीय अस्पताल को 68.47 करोड़ रुपये के संशोधित बजट के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिसका लक्ष्य दो साल में पूरा होना है।
-1789644824748_m.webp)
अस्पताल 9.50 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा। AI जनरेटेड
HighLights
महेंद्रगढ़ एसडीएच को 68.47 करोड़ का संशोधित बजट मिला।
सतनाली में 19.97 करोड़ से नया 30 बिस्तरों वाला सीएचसी बन रहा।
दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। उप-मंडलीय अस्पताल (एसडीएच), महेंद्रगढ़ को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। महेंद्रगढ़ की जनता को समर्पित यह 100 बिस्तरों वाला अस्पताल 9.50 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है।
इसके तहत बेसमेंट सहित छह मंजिला भव्य इमारत का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल को दो मुख्य ब्लाकों में विकसित किया जा रहा है, जहां मरीजों को ओपीडी, आइपीडी, लेबर रूम, आईसीयू, आपातकालीन सेवाएं, डायग्नोस्टिक और रेडियोलॉजिकल सेवाओं सहित आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए सरकार ने दो सितंबर को 68.47 करोड़ रुपये के संशोधित बजट को मंजूरी दी है।
अस्पताल के मुख्य भवन और आपातकालीन ब्लाक का अधिकांश स्ट्रक्चरल कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दो वर्षों के भीतर आधुनिक अस्पताल को पूरी तरह तैयार कर महेंद्रगढ़ की जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
1 लाख से अधिक मरीजों ने लिया ओपीडी का लाभ
महेंद्रगढ़ अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा लगातार दिखाई दे रहा है। इस वर्ष अब तक एक लाख से अधिक मरीज ओपीडी में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले चुके हैं।
अस्पताल में वर्तमान में 97 प्रतिशत बेड आक्यूपेंसी है। इसके अलावा 160 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी और अधिकारी दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे हुए हैं।
सतनाली में 30 बेड का आधुनिक सीएचसी बनाया जा रहा
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सतनाली और आसपास के क्षेत्र की लगभग 1.35 लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नया 30 बिस्तरों वाला तीन मंजिला आधुनिक सीएचसी भवन तेजी से बनाया जा रहा है।
70 प्रतिशत स्ट्रक्चरल कार्य पूरा
नए भवन के निर्माण के दौरान मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्तमान सीएचसी को पास के किसान भवन से सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। नए सीएचसी भवन के साथ डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए आवासीय क्वार्टर भी बनाए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को चौबीसों घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा हो। भवन का 70 प्रतिशत स्ट्रक्चरल कार्य पूरा हो चुका है।
संशोधित बजट को मंजूरी
परियोजना के लिए सरकार ने 19.97 करोड़ रुपये के संशोधित बजट को मंजूरी दी है और 29 जुलाई 2026 से शेष कार्यों में तेजी लाई गई है। नए सीएचसी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नवजात शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, परिवार नियोजन और गैर-संचारी रोगों से संबंधित आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने की योजना है।
सरकार ने 29 जुलाई 2027 तक निर्माण कार्य पूरा कर अस्पताल को सतनाली की जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा है।
