विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ के लोगों को बड़ी राहत! 50 लाख से होगा जल निकासी का स्थायी समाधान, जल्द शुरू होगा काम

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:27 PM (IST)

महेंद्रगढ़ के मोहल्ला सैनीपुरा से पुराने नारनौल रोड तक जल निकासी की समस्या का समाधान जल्द होगा। नगरपालिका 50 लाख ...और पढ़ें

सैनीपुरा से पुराने नारनौल रोड तक नाला निर्माण को हरी झंडी। जागरण

सैनीपुरा से पुराने नारनौल रोड तक नाला निर्माण को हरी झंडी। जागरण

HighLights

  1. सैनीपुरा से नारनौल रोड तक जल निकासी की समस्या का समाधान।

  2. नगरपालिका 50 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण कराएगी।

  3. टेंडर प्रक्रिया पूरी, अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद।

संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ में मोहल्ला सैनीपुरा से पुराने नारनौल रोड तक जल निकासी की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है।

नगरपालिका की ओर से इस मार्ग पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण करवाया जाएगा। नपा प्रशासन ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली है और संबंधित कार्यदायी एजेंसी को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया है। आगामी सप्ताह में निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होने की संभावना है।

बता दें कि वर्ष 2023 में कॉलेज मोड़ से सैनीपुरा, 11 हट्टा बाजार और भगवान परशुराम चौक होते हुए माता मसानी तक करीब 2.81 करोड़ की लागत से आरसीसी रोड का निर्माण कराया गया था। हालांकि, सैनीपुरा से कॉलेज मोड़ तक नाला निर्माण का काम अधर में लटक गया था।

नाला न बनने के कारण घरों का गंदा व निकासी का पानी सड़कों किनारे जमा रहता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा था।

इस अधूरे कार्य को लेकर मोहल्लावासी मनीष राजपूत, कैलाश व सुरेश सहित कई लोगों ने विरोध जताते हुए बीते समय में प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। अब नाला निर्माण प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्रवासियों में समाधान की आस जगी है।

मोहल्ला सैनीपुरा क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए सड़क के दोनों ओर नाला बनवाया जा रहा है। इस पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च होंगे। संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर दिया जा चुका है और अगले सप्ताह तक काम शुरू करा दिया जाएगा। - रमेश सैनी, चेयरमैन, नगरपालिका महेंद्रगढ़