विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ में दौड़ी पहली सिटी बस, 12 किलोमीटर का रूट तय; जानिए किन इलाकों तक पहुंचाएगा 5 रुपये का टिकट?

Published: Fri, 07 Aug 2026 04:59 PM (IST)

महेंद्रगढ़ शहर में विधायक कंवर सिंह यादव ने सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया, जिसमें शुरुआती 6.5 किलोमीटर का किराया मात्र 5 रुपये निर्धारित किया गया है।

शहर में सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते भाजपा विधायक कंवर सिंह यादव व उपस्थित अधिकारी।

शहर में सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते भाजपा विधायक कंवर सिंह यादव व उपस्थित अधिकारी।

HighLights

  1. महेंद्रगढ़ में सिटी बस सेवा का हुआ शुभारंभ

  2. शुरुआती 6.5 किमी के लिए किराया मात्र 5 रुपये

  3. छात्रों, कर्मचारियों और आमजन को मिलेगी सुविधा

जागरण संवाददाता, महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ शहरवासियों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सिटी बस सेवा का आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
 
सुबह आयोजित कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव और हरियाणा रोडवेज विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) ने संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
 
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। विधायक ने नारियल फोड़कर बस सेवा का शुभारंभ किया तथा स्वयं बस को रवाना कर नई सेवा की शुरुआत की।

5 रुपये से शुरू होगा किराया, 12 किलोमीटर का रहेगा रूट

रोडवेज विभाग महाप्रबंधक (जीएम) देवदत्त ने बताया कि शुरुआती 6.5 किलोमीटर तक का किराया मात्र 5 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि बस का कुल रूट लगभग 12 किलोमीटर का रहेगा। यह रूट महेंद्रगढ़ शहर के प्रमुख शैक्षणिक, प्रशासनिक, न्यायिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा।

शहर के प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

  • लघु सचिवालय एवं न्यायिक परिसर
  • महिला कॉलेज
  • राजकीय कॉलेज
  • मॉडल संस्कृति स्कूल
  • महाराणा प्रताप चौक
  • डुलाना रोड
  • मसानी चौक
  • रेलवे स्टेशन
  • अनाज मंडी
  • ब्रह्मदेव चौक
  • राव तुलाराम चौक
  • मोहल्ला सैनीपुरा

पूरा रूट: लगभग 12 किलोमीटर
शुरुआती 6.5 किलोमीटर का किराया: 5 रुपये

लंबे समय से थी मांग, यातायात पर भी पड़ेगा असर

विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि महेंद्रगढ़ शहर में सिटी बस सेवा शुरू होना जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार आमजन को सस्ती, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक ने कहा कि मात्र 5 रुपये किराये में लोगों को शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बचेंगे।

विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस सेवा से बड़ी राहत मिलेगी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने, निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने और पर्यावरण संरक्षण में भी यह बस सेवा सहायक सिद्ध होगी।

इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास पाटोदा, बस स्टैंड इंचार्ज हरिकिशन, सिटी बस चालक आशीष, परिचालक संजीत, जितेंद्र, प्रीतम, राजबीर फौजी, अनिल, मोनू कुमार आदि सभी बस स्टैंड स्टाफ और यात्रीगण मौजूद रहे।

पहले दिन 83 यात्रियों ने किया सफर

बस सेवा शुरू होते ही पहले ही दिन लगभग 83 यात्रियों ने मात्र पांच रुपये का टिकट लेकर इस सुलभ और आरामदायक सफर का आनंद लिया। सफर करने वाले यात्रियों ने बस की उत्तम व्यवस्था, समय की बचत और किफायती किराए की जमकर सराहना की।

इस सिटी बस सेवा के शुरू होने से आम जनता, छात्रों और कामकाजी लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से शहर में ऑटो और अन्य निजी वाहनों के महंगे किराए से मुक्ति मिलेगी और दैनिक यातायात अधिक सुगम हुआ है।

सामाजिक संगठनों ने इस बस का महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर रात्रि ठहराव के लिए ज्ञापन सौंपा। रोडवेज विभाग के जीएम देवीदत्त ने आश्वासन दिया है कि इस बस का ठहराव महेंद्रगढ़ किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को बड़ी राहत: नारनौल-बायल क्षेत्र को मिलीं 2 नई बसें, खाटू श्याम में भी होगा ठहराव