महेंद्रगढ़ वालों की बल्ले-बल्ले! डिपो को मिलीं 50 नई बसें; लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
महेंद्रगढ़ सब डिपो को जल्द ही परिसर में डीजल पंप की सुविधा मिलेगी, जिससे बसों को ईंधन के लिए नारनौल ...और पढ़ें
-1791650524509_m.webp)
सब डिपो को 50 नई बसें की आवंटित। AI जनरेटेड
HighLights
महेंद्रगढ़ सब डिपो में जल्द शुरू होगा डीजल पंप।
डिपो को मिलीं 50 नई बसें, परिचालन में सुधार।
ईंधन के लिए नारनौल जाने की समस्या हुई खत्म।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ क्षेत्र के दैनिक यात्रियों और रोडवेज विभाग के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। महेंद्रगढ़ सब डिपो परिसर में ही जल्द ही रोडवेज बसों के लिए डीजल पंप की सुविधा चालू होने जा रही है।
वहीं सब डिपो को 50 नई बसें आंवटित की गई हैं। लंबे समय से एनओसी के अभाव में अटका यह प्रोजेक्ट अब धरातल पर उतरने लगा है।
इसके तहत वर्कशाप परिसर में ईंधन टैंक (फ्यूल टैंक) को जमीन में दबाने का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है।अभी तक महेंद्रगढ़ सब डिपो की बसों को ईंधन भरवाने के लिए विशेष तौर पर नारनौल डिपो तक जाना पड़ता था।
इससे न केवल चालकों का काफी अतिरिक्त समय बर्बाद होता था, बल्कि बेवजह ईंधन और विभागीय संसाधनों की भी खपत होती थी। महेंद्रगढ़ में ही इन-हाउस पंप शुरू होने से बसों का नारनौल चक्कर लगाने का झंझट पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
50 नई बसें आवंटित
वहीं, हाल ही में नारनौल डिपो से ट्रांसफर होकर महेंद्रगढ़ सब डिपो को करीब 50 नई बसें आवंटित की गई हैं। इतनी बड़ी संख्या में नई बसों का बेड़ा शामिल होने के बाद रोजाना डीजल की व्यवस्था करना रोडवेज प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था।
स्थानीय स्तर पर पंप न होने के कारण बार-बार बसों को नारनौल भेजना पड़ता था। एनओसी से जुड़ी कागजी व कानूनी अड़चनें दूर होते ही अब टैंक स्थापना का काम तेजी से निपटाया जा रहा है।
वर्कशॉप में ही डीजल की सुविधा मिलने से बसें अपने निर्धारित रूटों पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीण व मुख्य मार्गों पर चलने वाली बसों के परिचालन और फ्रीक्वेंसी में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
रोडवेज महाप्रबंधक (जीएम) देवीदत्त, ने बताया कि एनओसी की समस्या के चलते डिपो में फ्यूल पंप स्थापित करने का मामला अटका हुआ था। अब अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होते ही टैंक दबाने का काम शुरू कर दिया गया है। सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूर्ण होते ही बसों के लिए डीजल आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।
