नारनौल पुलिस की बड़ी सफलता: साइकिल के डिब्बों में छिपाई थी 376 पेटी शराब, गुजरात जा रहा कैंटर ऐसे चढ़ा हत्थे
महेंद्रगढ़ पुलिस ने जाट गुवाना टोल पर एक कैंटर से 376 पेटी अवैध शराब बरामद की, जिसे साइकिल के डिब्बों के पीछे छिपाकर गुजरात ले जाया जा रहा था।

पकड़े गए आरोपी और शराब। जागरण
HighLights
जाट गुवाना टोल पर कैंटर से अवैध शराब बरामद।
हीरो साइकिल के डिब्बों के पीछे छिपाई गई थी शराब।
राजस्थान के दो आरोपित गिरफ्तार, गुजरात ले जा रहे थे।
जागरण संवाददाता, नारनौल। शराब तस्करों ने अवैध शराब को पुलिस की नजर से बचाने के लिए कैंटर में आगे हीरो साइकिल के डिब्बे रख दिए, लेकिन उनकी यह तरकीब काम नहीं आई।
सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने जाट गुवाना टोल पर नाकाबंदी कर कैंटर को पकड़ा तो साइकिल के डिब्बों के पीछे छिपाकर रखी गई 376 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
कैंटर में सवार चालक समेत राजस्थान के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित शराब को 152-डी के रास्ते गुजरात लेकर जा रहे थे। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण के अनुसार सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम जाट गुवाना टोल के पास गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संतोष निवासी ताल, थाना देवगढ़, राजस्थान और स्वर्ण निवासी गाजुना, राजस्थान कैंटर में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर 152-डी के रास्ते गुजरात की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रुकवाया।
आगे साइकिल के डिब्बे, पीछे शराब का जखीरा
पुलिस ने कैंटर की जांच की तो उसके आगे की तरफ हीरो साइकिल के डिब्बे रखे मिले। पहली नजर में वाहन में सामान सामान्य दिखाई दे रहा था।
पुलिस ने जब डिब्बों को हटाकर कैंटर की गहनता से जांच की तो उनके पीछे शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं। गिनती करने पर कुल 376 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
लाइसेंस-परमिट मांगा तो नहीं दिखा सके
पुलिस ने बरामद शराब के संबंध में दोनों आरोपितों से वैध लाइसेंस और परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद कैंटर और शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों को आबकारी अधिनियम के तहत थाना सदर नारनौल में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों को आगामी कार्रवाई के तहत अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी गुजरात तक सप्लाई किसे की जानी थी।
