महेंद्रगढ़ के लाल IAS नीतीश कुमार का हुआ सम्मान, युवाओं से बोले- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं
नवनियुक्त आईएएस नीतीश कुमार का नारनौल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्होंने युवाओं को सफलता के लिए दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच का महत्व बताया।

नीतीश कुमार शारीरिक चुनौतियों को मात देकर आईएएस नीतीश बने। फोटो- जागरण ग्राफिक्स
HighLights
नवनियुक्त आईएएस नीतीश कुमार का नारनौल में हुआ भव्य सम्मान।
सफलता के लिए दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच आवश्यक।
युवाओं को लक्ष्य पर अडिग रहने और अध्ययन करने की प्रेरणा।
जागरण संवाददाता, नारनौल। सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी पूंजी है। इसी संदेश के साथ मंगलवार को जिला रेडक्रॉस सोसाइटी भवन, नारनौल में युवा साथी ग्रुप हरियाणा एवं उड़ान जनसेवा ट्रस्ट, ढाणी बाठोठा के संयुक्त तत्वावधान में नवनियुक्त आईएएस अधिकारी नीतीश कुमार के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
मेहनत से ही मिलती है मंजिल- नीतीश कुमार
इसमें जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। आईएएस नीतीश कुमार ने कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता। कठिन परिस्थितियों के बावजूद यदि व्यक्ति अपने लक्ष्य पर अडिग रहे और अनुशासन व सकारात्मक सोच के साथ लगातार मेहनत करें तो सफलता अवश्य मिलती है।

आईएएस नीतीश कुमार को सम्मानित करते।
उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय पिता श्रद्धानंद और माता केला देवी को देते हुए कहा कि उनके संस्कार, मार्गदर्शन और विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने युवाओं से निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
समारोह में संस्था की ओर से आईएएस नीतीश कुमार, उनके माता-पिता तथा पैतृक गांव खटोटी कलां से आए अतिथियों का पगड़ी पहनाकर, फूल-मालाएं और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। गांव के रामौतार, शेर सिंह, रामानंद और पवन यादव को भी उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
युवा साथी ग्रुप एवं उड़ान ट्रस्ट की ओर से टिंकू प्रधान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सम्मान करना नहीं, बल्कि ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को समाज के सामने लाना है, जिनसे युवा नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्राप्त करें। इस अवसर पर टीबी कोआर्डिनेटर शोभा शर्मा व नया सवेरा टीम मंढाना के सुदेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।
