हरियाणा में बड़ा घोटाला: वेयरहाउस गोदामों में सड़ा गेहूं, बच्चों के मिड-डे मील में सप्लाई की थी तैयारी
हरियाणा के वेयरहाउस गोदामों में लाखों कट्टे गेहूं सड़ा हुआ पाया गया है, जिसे मिड-डे मील और आंगनबाड़ी केंद्रों में ...और पढ़ें
HighLights
हरियाणा वेयरहाउस में लाखों कट्टे गेहूं सड़ा हुआ पाया गया।
मिड-डे मील, आंगनबाड़ी के बच्चों को खराब गेहूं का खतरा।
कर्मचारियों ने वजन बढ़ाने के लिए गेहूं भिगोया, बड़ा घोटाला।
बलवान शर्मा, नारनौल। यदि आपके बच्चे मिड-डे मील या फिर आंगनबाड़ी केंद्र में पौष्टिक आहार खा रहे हैं तो थोड़ा संभल जाइये। आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और राशन डिपो में सप्लाई होने वाला गेहूं इस बार सड़ा हुआ मिल सकता है।
इससे आपका और आपके बच्चों का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। जी हां, हरियाणा स्टेट वेयरहाउस के गोदामों में रखा गेहूं सड़ गया है और सप्लाई का कार्य चल रहा है।
सूत्रों की माने तो वेयरहाउस के कर्मचारियों ने ही वजन बढ़ाने के लिए भिगो दिया। पानी ज्यादा डालने की वजह से गेंहू सड़ गया और काले रंग का हो गया है।
वेयरहाउस के गेहूं का वीडियो
इस मामले की गहराई से बड़ी एजेंसी के जरिये जांच करवाई जाए तो बड़ा गड़बड़झाला सामने आ सकता है। वेयरहाउस के गेहूं का एक वीडियो दैनिक जागरण के हाथ लगी है। विभागीय सूत्र द्वारा उपलब्ध करवाई गई।
इस वीडियो में दिखाई दे रहा गेहूं काले रंग का हो चुका है और उस पर फफूंद लग चुकी है। जाहिर है कि यह गेंहू खाने वाला बीमार होना तय है। सूत्रों का दावा है कि गोदामों में लाखों कट्टों को पानी से भिगोकर बड़ा गड़बड़झाला किया गया है।
महेंद्रगढ़ में गेंहू सप्लाई
बात करें महेंद्रगढ़ जिले की तो दो आरओ (रीलिज ऑर्डर) केंद्र बनाए हुए हैं। नारनौल से अटेली, नांगल चौधरी और नारनौल के स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और राशन डिपो में गेंहू वितरित किया जाता है। महेंद्रगढ़ आरओ से कनीना, सतनाली और महेंद्रगढ़ में गेंहू सप्लाई किया जाता है।
दैनिक जागरण के हाथ लगी वीडियो नारनौल गोदाम की है। सूत्रों का कहना है कि यदि गंभीरता से जांच की जाए तो पूरे हरियाणा में ही गेहूं का यह हाल मिल सकता है।
कैसे सामने आई गड़बड़ी
दरअसल, इन दिनों गेहूं की स्कूलों, आंगनबाड़ियों और राशन डिपो पर सप्लाई की जा रही है। इस दौरान खराब गेहूं सामने आया । सूत्रों ने बताया कि तीन हजार कट्टों में से 50 कट्टे खराब निकल रहे हैं। उठान के समय कुछ लोग आपत्ति दर्ज कर उठान नहीं किया जा रहा है।
अब खराब गेहूं को मिलाकर निकालने की तैयारी चल रही है। अप्रैल में गेहूं की सरकार ने एमएसपी पर खरीद कर नारनौल वेयरहाउस कारपोरेशन गोदाम में 97 हजार कट्टे लगाए गए थे।
इस बारे में हरियाणा स्टेट वेयरहाउस कारपोरेशन के मास्टर आफ स्टाक एंड टेक्नीकल राज्य अधिकारी मनोज कुमार पाराशर के पास सड़े हुए गेहूं का वीडियों भेजा गया,ताकि वह वास्तविक वस्तुस्थिति से अवगत हो सकें।
वहीं, वीडियो में बोरी में से एक व्यक्ति गेहूं निकालता है और अपनी हथेली में लेता है तो सड़ा हुआ गेहूं साफ दिखाई देता है। सरकारी गेहूं की बोरी के पास रखी अन्य बोरियों के पास भी सड़ा हुआ गेहूं दिखाई दे रहा है।
मैं डीएम को बोलकर गेहूं की जांच करवाता हूं। कल ही इसका निरीक्षण करवाया जाएगा। जांच करवाने के बाद ही स्थिति का पता चलेगा। - मनोज कुमार पाराशर, मास्टर ऑफ स्टाक एंड टेक्नीकल, हरियाणा स्टेट वेयरहाउस कारपोरेशन
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी के सरकारी स्कूलों में बदला मिड-डे मील का मेन्यू, अब बच्चों की थाली में मिलेगा रागी-मिलेट और सोया
