विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी और नारनौल से दादरी समेत इन 5 रूटों पर चलेंगी नई बसें, परमिट पाने के प्रोसेस और डेट

Published: Tue, 08 Sep 2026 06:54 PM (IST)

नारनौल जिले में पांच मार्गों पर स्टेज कैरिज परमिट वाली बसों के लिए नए परमिट जारी किए जाएंगे। इच्छुक आवेदक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. नारनौल जिले के पांच मार्गों पर नए बस परमिट।

  2. आवेदन 1 सितंबर से 30 सितंबर तक जमा होंगे।

  3. 25,000 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस देनी होगी।

जागरण संवाददाता, नारनौल। जिले के पांच मार्गों पर स्टेज कैरिज परमिट वाली बसों को नए परमिट दिए जाएंगे। हालांकि इनमें से अधिकांश मार्गों पर पहले से भी बसें चल रही हैं। किस मार्ग पर कितने नए परमिट जारी होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है और परिवहन विभाग का मुख्यालय बाद में तय करेगा।

जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण नारनौल मनोज कुमार ने बताया कि परिवहन आयुक्त हरियाणा के आदेश अनुसार मोडीफाईड स्टेज कैरिज स्कीम, जो सात मार्च 2024 को अधिसूचित की गई थी, के तहत नारनौल जिले में स्टेज कैरिज परमिट के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति एक सितंबर से 30 सितंबर तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार, परिवहन विभाग की अधिसूचना 2024 में शामिल मार्गों पर ही परमिट देने के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

कितनी राशि करानी होगी जमा

उन्होंने बताया कि इन मार्गों की पूरी सूची कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है, ताकि इच्छुक आवेदक इसे देख सकें। उन्होंने बताया कि आवेदक को अपने आवेदन कार्यालय में निर्धारित 25 हजार रुपए की नान रिफंडेबल फीस ई-चालान (हैड 0041-00-101-51-51) के माध्यम से जमा करवानी होगी।

इसके साथ ही फार्म एचआर नंबर 22 और परफार्मा-एक भरकर जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण कार्यालय के कमरा नंबर एक में जमा करवाना होगा। यह आवेदन प्रत्येक कार्यदिवस को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।

मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए इच्छुक आवेदकों को समय रहते अपने आवेदन जमा करवाने की सलाह दी गई है।

इन मार्गों पर मिलेगा परमिट

मार्ग संख्या मार्ग का विवरण (रूट)
मार्ग संख्या 228 महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी वाया कनीना
मार्ग संख्या 229 नारनौल से दादरी वाया महेंद्रगढ़
मार्ग संख्या 230 नारनौल से कोसली वाया फैजाबाद, सिहमा, दौंगड़ा, सुंदरह, कनीना
मार्ग संख्या 231 अटेली से महेंद्रगढ़ वाया गुजरवास, कलवाड़ी, दौंगड़ा अहीर तथा भांडोर
मार्ग संख्या 232 नारनौल से कोसली वाया बाछोद, सिहमा, अटेली, दौंगड़ा अहीर, सुंदरह तथा कनीना

ये है इन मार्गों की वर्तमान स्थिति

  • नारनौल-दादरी मार्ग पर वर्तमान में 16 बसें चल रही हैं। इनमें आठ प्राइवेट और आठ रोडवेज की हैं।
  • महेंद्रगढ़-रेवाडी पर 30 प्राइवेट बसें चल रही हैं। बाछौद-कनीना मार्ग पर कोई बस नहीं चल रही है। ऐसे में इस मार्ग पर बस सुविधा होगी और आमजन को फायदा होगा।
  • नारनौल-सिहमा- कोसली मार्ग पर चार बसें पहले से चल रही हैं। अटेली-महेंद्रगढ़ मार्ग पर भी करीब तीन से चार बसें चल रही हैं।