गुरुग्राम मंडल के आयुक्त ने किया कनीना अनाज मंडी का दौरा
गुरुग्राम मंडल के आयुक्त अशोक सांगवान ने शुक्रवार को कनीना अनाज मंडी में चल रही बाजरे की सरकारी खरीद कार्य का निरीक्षण किया।
संवाद सहयोगी, कनीना: गुरुग्राम मंडल के आयुक्त अशोक सांगवान ने शुक्रवार को कनीना अनाज मंडी में चल रही बाजरे की सरकारी खरीद कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में सभी प्रकार के प्रबंधों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर उपायुक्त आरके सिंह व अटेली के विधायक सीताराम यादव भी उनके साथ थे।
आयुक्त ने सबसे पहले अनाज मंडी के मुख्य द्वार पर बनाए गए कंट्रोल रूम में गेट पास बनाने की प्रक्रिया के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के चलते सरकार की सभी हिदायतों का पालन किया जाए। गेटपास के दौरान किसानों की भीड़ नहीं लगनी चाहिए। उन्हें उचित दूरी पर खड़ा किया जाए। साथ ही उन्होंने मंडी में मेडिकल टीम की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाजरा के उठान कार्य के संबंध में जानकारी ली। इस पर मार्केट कमेटी के सचिव ने बताया कि मंडी में लगभग 95 फीसदी बाजरे का उठान हो चुका है। इस मौके पर किसानों ने आयुक्त मंडी में टोकन की संख्या बढ़ाने की मांग की। इस पर आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार की हिदायत के अनुसार अधिकारी मंडियों में निरीक्षण कर रहे हैं। किसानों की जरूरत के अनुसार टोकन संख्या बढ़ाने के लिए सरकार तक बात पहुंचा दी जाएगी। किसानों ने आयुक्त के समक्ष मंडी की तरफ आने वाली सड़क की मरम्मत करवाने की मांग रखी जिस पर उन्होंने तुरंत एसडीएम को जल्द से जल्द इस रोड को बनवाने के निर्देश दिए। सांगवान ने कहा कि किसानों को बाजरा खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मंडी में बिजली पानी तथा साफ सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस मौके पर उपायुक्त आरके सिंह, कनीना के एसडीएम रणवीर सिंह तथा मार्केट कमेटी के सचिव के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बॉक्स -----
किसानों का एक-एक दाना खरीदेंगे : सीताराम यादव
कनीना: अटेली के विधायक सीताराम यादव ने किसानों को आश्वस्त किया कि पंजीकृत किसानों का एक-एक दाना सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। किसानों को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। विपक्षी पार्टियां अपने स्वार्थ के लिए किसानों को गुमराह करने में लगी हुई हैं। अब धीरे-धीरे पोर्टल पर सुचारू रूप से काम होने लगा है। मंडी में किसानों के लिए टोकन की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। बॉक्स
गलत काम करने वालों पर होगा सख्त एक्शन : डीसी
कनीना: अनाज मंडी के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आरके सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसानों को होने वाली समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। किसान इसी प्रकार अनुशासित तरीके से अपनी फसल बेचने के लिए शेड्यूल के अनुसार मंडी में आएं। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। डीसी ने स्पष्ट किया कि पंजीकृत किसानों का बाजरा खरीदा जाएगा, लेकिन गलत तरीके से बाजरा बेचने वाले किसानों और खरीदने वाले आढ़तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।