क्षेत्र में दोबारा से दिखाई दिया कोहरे का असर
क्षेत्र में एक बार फिर से कोहरे व ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुधवार को क्षेत्र में जबरदस्त कोहरे का असर दिखाई दिया। वहीं ठंड भी मंगलवार के मुकाबले अधिक रही।
जागरण संवाददाता, नारनौल : क्षेत्र में एक बार फिर से कोहरे व ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुधवार को क्षेत्र में जबरदस्त कोहरे का असर दिखाई दिया। वहीं ठंड भी मंगलवार के मुकाबले अधिक रही। जिसके चलते जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा। बुधवार को नारनौल का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस प्रकार बुधवार को मंगलवार के मुकाबले अधिक ठंड रही। ठंड के साथ कोहरे का भी असर दिखाई दिया। घना कोहरा रहने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि कोहरे की ²श्यता काफी कम रही। जिस कारण वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नजर आए।
बता दें कि मकर सक्रांति पर्व के बाद ठंड धीरे-धीरे कम होने लगी थी। वहीं कोहरा भी अचानक से गायब हो गया था। जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली थी, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार एक बार फिर से कोहरे के साथ ठंड बढ़ने लगी है। कृषि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से मौसम परिवर्तनशील रहने के अलावा खुश्क तथा अल सुबह व देर रात्रि के समय कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई है। ऐसे में अगले तीन-चार दिन में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने के कारण रात्रि के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। बुधवार को भी कड़ाके की ठंड रही। दिनभर शीतलहर के चलते लोग घरों में ही दुबके रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार आगामी दिनों में ठंड और बढ़ेगी। इस प्रकार लोगों को अभी कुछ दिन और ठंड से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है।