उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण
कोविड-19 के लगातार बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर उपायुक्त आरके सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, नारनौल : कोविड-19 के लगातार बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर उपायुक्त आरके सिंह लगातार दौरा कर गतिविधियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों का भी उत्साहवर्धन किया। उपायुक्त ने कहा कि अब हमें और भी अधिक मेहनत के साथ काम करना पड़ेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड-19 के हर मामले का अच्छी तरह से विश्लेषण करें। साथ ही पूरी हिस्ट्री का पता होना चाहिए ताकि कोरोना की इस चेन को तोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि बढ़ते संक्रमण के इस दौर में यह जरूरी है कि हर केस पर गहन निगरानी रखी जाए। इस समय स्वास्थ्य कर्मियों पर दोहरी जिम्मेदारी है। एक तरफ उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना है वहीं दूसरी तरफ संक्रमितों का भी इलाज करना है। प्रथम पंक्ति पर काम करने वाले हर अधिकारी व कर्मचारी का पूरा ख्याल है। अगर उन्हें किसी भी चीज की जरूरत पड़े तो वह उन्हें बताए। उपायुक्त ने पहली मंजिल पर बनाए गए सैंपल लैब का भी निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने आईसीयू में मौजूद संसाधनों का भी निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने अस्पताल में सामान्य मरीजों का भी हालचाल पूछा तथा उन्हें दी जा रही दवाइयों आदि के बारे में भी मरीजों से पूछताछ की। उन्होंने स्वागत कक्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुर्सियों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए किए गए उपायों का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल में साफ सफाई पर और अधिक जोर देने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने शौचालय का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार व डॉ. संजय बिश्नोई के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।