कृषि व किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कल
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन जिला महेंद्रगढ़ किसानों व कृषि की ज्वलंत समस्याओं के बारे में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर 24मई को मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करेगा।
संवाद सहयोगी, मंडी अटेली: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन जिला महेंद्रगढ़ किसानों व कृषि की ज्वलंत समस्याओं के बारे में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर 24मई को मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करेगा। केंद्र व राज्य की सरकारें कृषि क्षेत्र और किसानों के प्रति लगभग संवेदनहीन बनी हुई हैं। इस स्थिति में आंदोलन को तेज करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि गेहूं पकने के समय अत्यधिक तापमान बढ़ने से गेहूं व अन्य फसलों का उत्पादन कम हुआ है, जो कि एक प्राकृतिक आपदा है। इसलिए सरकार नुकसान के अनुसार इस क्षति की भरपाई करें। बिजाई के दौरान पर्याप्त बिजली सप्लाई दी जाए और सभी आवेदकों को ट्यूबवेल के लंबित कनेक्शन जारी किए जाएं। खेतों में बिजली लाइनों के टावरों का पूरा मुआवजा दिया जाएगा। फसल खराबी के पहले के लटके हुए मुआवजे व बीमा क्लेम की अदायगी तुरंत हो। शुगर मिलों का बकाया नियमानुसार भुगतान किया जाए। भूमि अधिग्रहण कानून हरियाणा संशोधन रद्द करो। सेना की बंद पड़ी भर्ती खोली जाए और उम्र में छूट मिले, आंगनबाड़ी की बर्खास्त कर्मियों को बहाल करने जैसी मांगे शामिल है।