मौसम परिवर्तन से तापमान गिरा, किसानों की मुश्किलें बढ़ी
जागरण संवाददाता, नारनौल : कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने के उपरांत शुक्रवार को मौसम में परि
जागरण संवाददाता, नारनौल : कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने के उपरांत शुक्रवार को मौसम में परिवर्तन आ गया। दोपहर के समय जहां अंधकार आया, वहीं इसके बाद हलकी बारिश शुरू हो गई। बारिश से गर्मी से तो लोगों को राहत मिल गई, लेकिन इससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई। सरसों की लावणी करने के उपरांत किसान आजकल गेहूं की कटाई में जोरों से जुटे हैं। नारनौल में करीब 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिस कारण पारे में 03 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई। क्षेत्र में कई दिनों से तेज धूप के कारण लोगों का हाल बेहाल होने लगा था। तेज धूप पड़ने के कारण पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बढ़ते पारे के कारण लोग परेशान होने लगे थे। शुक्रवार को दिन में करीब 12 बजे अंधकार छा गया और दिन में ही रात सा अहसास होने लगा। अचानक आसमान में बादल छा गए। वहीं करीब दो बजे आसमान को घने काले बादलों ने पूरी तरह से ढक लिया। दोपहर करीब ढाई बजे तेज गर्जना के साथ क्षेत्र में बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हुई। आसमान में छाए बादलों से किसानों की धड़कने बढ़ने लगी। मगर जब बरसात शुरू होने लगी तो उनकी मुश्किलें कम होने की बजाए बढ़ती ही चली गई। जो किसान खेतों में लावणी में लगे थे, उनकी गेहूं की पुलियां बरसात में ही भीग गई। साथ ही जिन किसानों की सरसों अभी खलिहानों में ही पड़ी है, उनकी सरसों भी भीग गई। हालांकि इस बरसात से ज्यादा नुकसान का अनुमान नहीं है, लेकिन यही मौसम अगले तीन दिन बने होने से किसानों के अरमानों पर बादल मंडराये रहने की आशंका है।
----------
कारोता में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
संवाद सहयोगी, नांगल चौधरी : शुक्रवार दोपहर बाद यहां के गांव कारोता में आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। मृतक किसान अपने खेत में गेहूं की फसल एकत्रित कर रहा था। पुलिस ने इस संदर्भ आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक किसान का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कारोता निवासी करीब 58 वर्षीय वृद्ध किसान राम ¨सह पुत्र नाथाराम मौसम बिगड़ने पर अपने खेत में गेहूं की फसल एकत्रित कर रहा था। अभी किसान कुछ फसल ही एकत्रित कर पाया था। आसमान से तेज गरजना हुई और बरसात शुरू हो गई। किसान ने फसल को बरसात से बचाने के लिए एकत्रित करना जारी रखा। इसी दौरान किसान पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे वह खेत में ही लोटपोट हो गया। आकाशीय बिजली से किसान की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक किसान का पंचनामा करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। क्षेत्र में बीस दिन में आकाशीय बिजली गिरने किसान की मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पूर्व करीब बीस दिन पहले आकाशीय बिजली गिरने से थनवास की ढाणी सैनियांन में भी खेत में काम कर रहे किसान की भी मौत हो गई थी।