चीन के सामान का बहिष्कार कर जलाया चीन का झंडा
शहर के सामाजिक संगठनों सदस्यों ने शनिवार को आजाद चौक पर चीन के सामान का बहिष्कार कर आग के हवाले किया।
जागरण संवाददाता नारनौल : शहर के सामाजिक संगठनों सदस्यों ने शनिवार को आजाद चौक पर चीन द्वारा भारतीय सेना पर धोखे से वार करने की नीच हरकत के विरोध में चीनी सामान का बहिष्कार कर चीन का झंडा जलाया। इस दौरान लोगों ने भविष्य में चीन के बने किसी भी उत्पाद को न खरीदने का संकल्प लिया। वही भारतीय सेना के प्रति सम्मान व पड़ोसी देश के प्रति रोष व्यक्त किया।
इस मौके पर रामसिंह मधुर ने कहा कि चीन सदैव से ही धोखा देता आया है, परंतु अब भारतीय सेना और लोग इस बात को समझ गए है तथा उसकी इन नापाक हरकतों को जवाब देना जानते है। वतन बचाओ मंच के अध्यक्ष उमाकांत छक्कड़ ने भारतीय सेना के मुंह तोड़ जवाब को चीन के लिए एक चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना विश्व की सबसे बहादुर सेना है तथा सभी परिस्थितियों में लड़ने में सक्षम है। हमें इस पर गर्व है। सुरजीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि भारत किसी भी देश पर पहले आक्रमण नहीं करता पर यदि हमारे देश पर कोई आंख उठाकर देखेगा तो उसके परिणाम उसे भुगतने पड़ेंगे। पुरुषोत्तम आर्य ने सभी देश वासियों से चीन के बने उत्पादों के बहिष्कार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा यह आर्थिक बहिष्कार गलवान घाटी में शहीद हुए वीर बांकुरों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर राकेश चौहान, दीपक शर्मा, धीरज सोनी, देव शर्मा व गजेंद्र बोहरा आदि उपस्थित थे।