नसीबपुर में बरसी इटें व लाठियां, सात घायल
नजदीकी गांव नसीबपुर में खेत में पानी की बारी को लेकर रविवार सुबह जमकर संघर्ष हो गया।
जागरण संवाददाता, नारनौल: नजदीकी गांव नसीबपुर में खेत में पानी की बारी को लेकर रविवार सुबह जमकर संघर्ष हो गया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के बीच चाकू, ईंटें व लाठियां जमकर बरसी। इस दौरान दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया है। इनमें से एक व्यक्ति को चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए जयपुर ले गए।
रविवार सुबह नसीबपुर निवासी धर्मेंद्र अपने खेत में पाइपों से पानी दे रहा था। इसके बाद वह अपने घर पर आकर खाना खाने लगा। इसी दौरान उनके पड़ोसी सुभाष के परिवार ने पाइपों के इस्तेमाल पर विरोध जताना शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि आपस में मारपीट शुरू हो गई। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी तो किसी ने लाठियों से हमला कर दिया। एक व्यक्ति ने धर्मेंद्र के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में धर्मेंद्र का लड़का आकाश व मोनू भी घायल हो गए। उधर दूसरे पक्ष के सुभाष, दीपक, बिमला व सुमन को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस मामले में जहां आकाश व मोनू ने सुभाष के परिवार पर बेवजह हमला करने का आरोप लगाया है, वहीं सुभाष के पक्ष ने भी उनके पाइपों का जबरन उपयोग करने के आरोप लगाए हैं। चिकित्सकों ने इस संबंध में पुलिस को रुक्का भिजवा दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज कर लिया है। उधर धर्मेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे उपचार के लिए जयपुर ले गए हैं।