विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाछौद हवाई पट्टी के विकास पर लगा ब्रेक, टेंडर जारी होने के बाद भी थमा काम; सामने आई वजह

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:07 PM (IST)

दिल्ली के इंदिरा गांधी एअरपोर्ट से 100 किलोमीटर दूर स्थित बाछौद हवाई पट्टी पर नए हैंगर और एटीसी के निर्माण ...और पढ़ें

बाछौद हवाई पट्टी की उड़ान पर लगा ब्रेक। जागरण

बाछौद हवाई पट्टी की उड़ान पर लगा ब्रेक। जागरण

HighLights

  1. बाछौद हवाई पट्टी पर निर्माण कार्य स्थगित किया गया।

  2. नए हैंगर और एटीसी का निर्माण रोका गया।

  3. 21 एकड़ भूमि अधिग्रहण न होने से परियोजना अटकी।

बलवान शर्मा, नारनौल। दिल्ली के इंदिरा गांधी एअरपोर्ट से 100 किलोमीटर की हवाई दूरी पर स्थित बाछौद हवाई पट्टी के विकास की उड़ान को विमानन विभाग ने अचानक थाम दिया है।

जिले के मास्टर प्लान में बाछौद हवाई पट्टी को 2047 तक हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की योजना है और इसके तहत पट्टी पर नया हैंगर और एटीसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल बनाने की योजना पर कार्य चल रहा था।

इसे विभाग द्वारा स्थगित (होल्ड) कर दिया गया है। इन दोनों परियोजनाओं पर विभाग द्वारा आठ करोड़ पांच लाख रुपये से अधिक के टेंडर छोड़ दिए गए थे। निर्माण करने वाली फर्म ने जहां इतनी ही राशि की सिक्योरिटी जमा करवा दी थी, वहीं काम भी शुरू करने की तैयारी भी शुरू हो चुकी थी।

अब ऐसे में विभाग ने नई शर्त लगाई है कि 'जब तक 21 एकड़ जमीन खरीदने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक नए हैंगर और एटीसी बिल्डिंग का निर्माण कार्य स्थगित रखा जाए।' यहां स्पष्ट कर दें कि विभाग द्वारा पिछले तीन साल से जमीन खरीद के लिए प्रयास किए गए, लेकिन किसानों ने जमीन देने के प्रति कोई रूची नहीं दिखाई।

अब ऐसे में 21 एकड़ जमीन जब तक नहीं मिलेगी, हैंगर और एटीसी का निर्माण कार्य नहीं हो सकेगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह रुकावट किसी बड़े सपने की तैयारी है। एक ऐसी उड़ान की जो नारनौल को एयरो-स्पोर्ट्स और एविएशन का बड़ा केंद्र बनाएगी। यह तो आने वाला समय ही बता पाएगा।

दरअसल, बाछौद हवाई पट्टी पर एटीसी बनाने के लिए 14 मार्च 2024 को निविदा आमंत्रित की गई थी। इसके लिए दो करोड़ 68 लाख 23 हजार 300 रुपये एग्रीमेंट राशि निर्धारित की गई थी। 12 जून 2024 को काम अलाटमेंट की तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन यह कार्य शुरू नहीं हो सका।

नई एजेंसी को टेंडर अलॉट किया

इसके बाद 21 जनवरी 2026 को नई एजेंसी को टेंडर अलॉट किया गया। इसके लिए एग्रीमेंट राशि 2 करोड़ 99 लाख 99 हजार 874 रुपये निर्धारित किए गए और 13 मार्च कार्य अलाटमेंट की तिथि निर्धारित कर दी गई। इसी तरह अतिरिक्त हैंगर (विमान शेड) बनाने के लिए 24 जुलाई 2024 को निविदा आमंत्रित की गई।

9 अक्टूबर 2024 को कार्य अलाट करने की तिथि निर्धारित की गई और 22 अक्टूबर को पत्राचार किया गया। पांच करोड़ छह लाख 14 हजार रुपये की राशि इस कार्य के लिए निर्धारित की गई थी। कार्य अलाट करने के बाद दो बार काम शुरू करने का प्रयास किया गया। पहली बार मौखिक रूप से काम रोक दिया गया।

वहीं, संबंधित विभाग ने इसके लिए पांच बार रिमाइंडर भेजे गए तो पुन: कार्य शुरू किया ही गया था । तीन अगस्त को विमान विभाग ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक 21 एकड़ भूमि की खरीद नहीं होगी, तब तक नया हैंगर और एटीसी का निर्माण कार्य स्थगित कर दिया गया है।

21 एकड़ भूमि एक्वायर की जानी है। पट्टी के सामने पंचायत की 21 एकड़ भूमि है। इस भूमि के हवाई पट्टी में शामिल होने के बाद एल शेप की बजाए सीधी चारदिवारी बन सकेगी। पंचायत ने लिखकर दे दिया है, लेकिन अभी यह फाइल सीएम कार्यालय में है। इसको लेकर सीएम कार्यालय से ही अंतिम फैसला होना है। इसके बाद ही नया हैंगर और एटीसी के निर्माण को लेकर आगे बढ़ा जा सकेगा। - कृष्ण मलिक, प्रबंधक, हवाई पट्टी बाछौद