बार एसोसिएशन के धरने में पहुंचे अभय चौटाला बोले, महेंद्रगढ़-नारनौल दोनों बनें जिले
इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने महेंद्रगढ़ में रात्रि पड़ाव के बाद किसान ट्रैक्टर यात्रा की दूसरे दिन की शुरुआत स्थानीय अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।
संवाद सूत्र, महेंद्रगढ़: इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने महेंद्रगढ़ में रात्रि पड़ाव के बाद किसान ट्रैक्टर यात्रा की दूसरे दिन की शुरुआत स्थानीय अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद वह बार एसोसिएशन महेंद्रगढ़ के धरने में समर्थन देने पहुंचे। इस मौके पर अभय सिंह ने कहा कि वकील भी किसानों के साथ हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अगर खेती बर्बाद हो गई तो सभी व्यापार ठप हो जाएंगे। पिछले 55 दिन से लाखों किसान सरकार के खिलाफ हरियाणा-दिल्ली बार्डर पर धरना दे रहे हैं। सरकार को चेताने आए हैं कि केंद्र सरकार गलती में सुधार कर अपने वादों को पूरा करे। अभय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार मीटिग में कानून वापस न लेने की बात पर अड़ी रही, लेकिन 20 जनवरी की मीटिग में सरकार ने मान लिया कि कानून गलत बने हैं। फिर भी सरकार कानून वापस न लेने की बात पर अड़ी है। किसानों के खिलाफ बनाए गए तीनों कानूनों को वापस लिया जाए। अभय चौटाला ने कहा कि उन्होंने फैसला लिया है कि जिस विधानसभा में किसानों के खिलाफ काम हो ऐसी विधानसभा का हिस्सा नहीं रहना चाहता। उन्होंने अपना इस्तीफा भेज दिया है। 27 जनवरी को वे विधानसभा को छोड़ देंगे।।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय बनाया जाना चाहिए। नारनौल को जिला बनाकर महेंद्रगढ़ में जिला स्तर के सभी आफिस स्थापित किए जाएं। विधानसभा के बजट सत्र में महेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय की मांग को उठाएंगे। अगर इनेलो की सरकार बनी तो लोगों को अपना हक मांगना नहीं पड़ेगा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बार एसोसिएशन सहित सभी लोग कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज उठाएं। जिला मुख्यालय की मांग के साथ कृषि कानूनों की मांग भी शामिल करें।
किसान यात्रा महेंद्रगढ़ में सतनाली चौक, राव तुलाराम चौक, यादव धर्मशाला, आइटीआइ, बालाजी चौक, रेलवे रोड, अनाज मंडी, माजरा चुंगी, कनीना होते हुए रेवाड़ी जिले में प्रवेश कर गई। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राव होशियार सिंह, जसबीर ढिल्लों, जिला प्रधान सुरेंद्र कौशिक, सतबीर बढेसरा, छोटेलाल गहली, धर्मपाल नंबरदार, वेदप्रकाश नंबरदार, सुदेश ढिल्लों, कर्ण सिंह यादव, बलवान फौजी, नवनीत ढिल्लों, अभय सिंह सलूनी, मुकेश नंबरदार, सतेंद्र चेयरमैन, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला, भिवानी जिला अध्यक्ष सुनील लांबा, रामकिशन यादव, सतपाल उन्हानीं, जय सिंह सैनी, सत्यनारायण सैनी, एडवोकेट हरिराम सैनी, बल्ली शेखावत सहित अन्य मौजूद रहे।