विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिहमा ब्लॉक के 10 गांवों का होगा कायाकल्प, रास्तों को संवारने के लिए 1.71 करोड़ रुपये मंजूर

Published: Thu, 01 Oct 2026 09:59 PM (IST)

नारनौल विधानसभा क्षेत्र के सिहमा ब्लॉक के 10 गांवों में सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए 1.71 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिली है।

सिहमा ब्लॉक के 10 गांवों का कायाकल्प होगा। AI जनरेटेड

सिहमा ब्लॉक के 10 गांवों का कायाकल्प होगा। AI जनरेटेड

HighLights

  1. सिहमा ब्लॉक के 10 गांवों में सड़क विकास को मंजूरी।

  2. 1.71 करोड़ रुपये से इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक सड़कें बनेंगी।

  3. ग्रामीणों को बेहतर आवागमन और खेतों तक पहुंच मिलेगी।

जागरण संवाददाता, नारनौल। नारनौल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है।

विधायक ओमप्रकाश यादव के प्रयासों से महेंद्रगढ़ जिले के सिहमा ब्लाक के 10 गांवों में रास्तों के निर्माण एवं सुधार के लिए एक करोड़ 71 लाख 23 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी जारी की गई है।

हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत विभाग ने हरियाणा ग्रामीण विकास योजना (एचजीवीवाई) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए यह राशि स्वीकृत की है। स्वीकृत राशि से गांवों में इंटरलाकिंग पेवर ब्लाक (आइपीबी) से रास्तों का निर्माण किया जाएगा।

इससे लंबे समय से ग्रामीणों की आवागमन से जुड़ी जरूरतें पूरी होने के साथ-साथ गांवों के अंदर और खेतों की ओर जाने वाले रास्तों की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।

10 गांवों में 10 विकास कार्य

स्वीकृत परियोजनाओं में गुवानी गांव में पीडब्ल्यूडी रोड से कुम्हारों की ढाणी होते हुए तिगरा सीमा तक 1.68 किलोमीटर लंबे रास्ते का निर्माण प्रमुख है। इस कार्य के लिए 55.54 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

वहीं मेई गांव में सांपवाला मंदिर से बीपीएल कालोनी तक रास्ते के लिए 24.99 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसी प्रकार दुबलाना में हरद्वारी के घर से गांव की सीमा तक रास्ते के लिए 22.21 लाख, खासपुर में दुबलाना से बीपीएल बस्ती तक रास्ते के लिए 15.10 लाख तथा दलीप के घर से मित्तरपुरा-दुबलाना रोड तक रास्ते के लिए 9.92 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

नूनी कलां में दुबलाना से रणसिंह के ट्यूबवेल तक रास्ते के लिए 11.37 लाख, रामपुरा में रामपुरा से खामपुरा सीमा तक 10.59 लाख, सलोनी में दुबलाना रोड से नरेश के खेत तक 8.75 लाख तथा मित्तरपुरा-सलोनी रोड से लालचंद के कुएं तक रास्ते के लिए 4.22 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

हुडीना में पशु अस्पताल से व्यायामशाला तक रास्ते के निर्माण के लिए 8.54 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

गांवों में सुधरेगा आवागमन

इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ खेतों, ढाणियों, सार्वजनिक संस्थानों और मुख्य सड़कों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। खास तौर पर बरसात के दौरान खराब रास्तों के कारण होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को राहत मिलने की संभावना है।

सरकार की ओर से जारी आदेशों के अनुसार विकास कार्य ग्राम पंचायतों तथा पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता के माध्यम से करवाए जाएंगे।

वहीं, कार्यों में निर्धारित पीडब्ल्यूडी स्पेसिफिकेशन-1988 के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा दिव्यांगों एवं बुजुर्गों के लिए बाधारहित वातावरण का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।