नपा चुनाव के लिए चुनाव आयोग की घोषणा का इंतजार
नगरपालिका चुनाव की प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इंजीनियरों ने सभी इवीएम मशीनों को दुरूस्त कर लिया है।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : नगरपालिका चुनाव की प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इंजीनियरों ने सभी इवीएम मशीनों को दुरूस्त कर लिया है। वहीं मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अब प्रशासन को चुनाव आयोग की ओर से चुनाव संबंधी घोषणा का इंतजार है।
चुनाव आयोग की ओर से नगर पालिका को 40 इवीएम मशीनें दी गई हैं। इन मशीनों को शुक्रवार को इंजीनियरों ने दुरूस्त किया। मशीनों को सैनिटाइज कर सुरक्षित बंद कमरों में रख दिया गया है। चुनाव संबंधी शेड्यूल अनुसार यहीं से मशीनें रिटर्निंग अधिकारियों को दी जाएंगी। एक बूथ पर दो मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी कर दिया गया है। इस सूची के अनुसार सभी 13 वार्डों में कुल मतदाता संख्या 9729 है। इनमें 3525 महिला और 5204 पुरूष मतदाता हैं। शुक्रवार को नगर पालिका की ओर से जजपा के धर्मेंद्र नैन, भाजपा के चिरंजीव गर्ग और इनेलो के मनजीत चौधरी को सूचियां प्रदान की गई। यही नहीं सभी 13 बूथों को भी चाक चौबंद कर लिया गया है। इन बूथों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, बैठने का प्रबंध, शौचालय आदि का पूरा इंतजाम कर लिया गया है। नगर पालिका सचिव राकेश वालिया ने बताया कि चुनाव नई जारी मतदाता सूची अनुसार ही होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त पुनरिक्षिण अधिकारी एवं एसडीएम सोनू राम की देखरेख में चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसकी बाकायदा सूचना प्रदेश मुख्यालय को भेज दी गई हैं। नई वोट पर अभी संशय
नई वोट बनाने को लेकर अभी संशय चल रहा है। बीएलओ का कहना है कि नई वोट 29 नवंबर को बनाई जाएगी। यह वोट नगर पालिका चुनाव में पोल होगी या नहीं। इस पर संशय बरकरार है। नए मतदाता की वोट बीएलओ बनाएंगे जो कि पहले विधानसभा मतदाता सूची में शामिल होगी।