कुरुक्षेत्र जंक्शन के बाहर कार खड़ी कर ग्राम सचिव लापता, 15 दिनों से तलाश जारी; होटल में मिला मोबाइल
कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन के बाहर कार खड़ी कर शाहाबाद में तैनात ग्राम सचिव राहुल 15 दिनों से लापता हैं। सीसीटीवी ...और पढ़ें
-1793030297863_m.webp)
कुरुक्षेत्र में ग्राम सचिव लापता। फाइल फोटो
HighLights
ग्राम सचिव राहुल कुरुक्षेत्र से 15 दिन से लापता।
कार रेलवे स्टेशन पर मिली, मोबाइल होटल में।
सीसीटीवी में कैथल जाने वाली ट्रेन में दिखे थे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन के बाहर अपनी कार खड़ी कर शाहाबाद में तैनात ग्राम सचिव राहुल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। 30 वर्षीय राहुल की कार रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास सड़क पर खड़ी मिली, जबकि उसका मोबाइल फोन शाहाबाद के एक होटल में मिला था।
स्वजन पिछले करीब 15 दिन से उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है। रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज में राहुल 10 अक्टूबर की रात करीब 9:35 बजे प्लेटफार्म नंबर एक से कैथल की ओर जाने वाली ट्रेन में चढ़ता दिखाई दिया है।
होटल में तीन दिन रुका था राहुल
कैथल जिले के गांव तितरम निवासी बलवान सिंह ने जीआरपी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा राहुल शाहाबाद में ग्राम सचिव के पद पर तैनात है। सात अक्टूबर को राहुल शाहाबाद स्थित एक होटल में ठहरा था। 11 अक्टूबर को होटल से उनके पास फोन आया कि राहुल तीन दिन होटल में रुका था और अपना मोबाइल वहीं छोड़कर कार लेकर चला गया था।
इसके बाद वह मोबाइल लेने वापस नहीं आया। बलवान सिंह के अनुसार 12 अक्टूबर को वह होटल से बेटे का मोबाइल लेकर घर आ गए। इसके बाद स्वजन ने अपने स्तर पर राहुल की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसकी कार कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास सड़क पर खड़ी मिली। राहुल का कहीं पता नहीं चला तो स्वजन ने जीआरपी थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश करने की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज में ट्रेन में चढ़ता दिखा
रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज में राहुल 10 अक्टूबर की रात 9:35 बजे प्लेटफार्म नंबर एक से कैथल की ओर जाने वाली ट्रेन में चढ़ता नजर आया। इसके बाद वह कहां गया, इस बारे में स्वजन को कोई जानकारी नहीं है।
थाना जीआरपी थाना एएसआइ गुरदेव सिंह ने बताया कि स्वजन ने बेटे की तलाश करने की गुहार लगाई है। इस संदर्भ में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। राहुल कुरुक्षेत्र जंक्शन के बाहर कार को लगाकर कैथल की ओर जाने वाली ट्रेन में बैठता हुआ सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है। इस मामले में जांच की जा रही है।
