सोनिका वधवा बनीं जेसरिट की चेयरपर्सन
जेसीआई संगठन की कुरुक्षेत्र इकाई की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एक निजी होटल में हुआ।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (जेसीआई) संगठन की कुरुक्षेत्र इकाई की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एक निजी होटल में हुआ। इसमें जेसीआई के वर्ष 2020 के लिए निर्वाचित प्रधान विजय बजाज और उनकी पूरी टीम ने शपथ ग्रहण की, जबकि जेसीआई की महिला विग जेसरिट की चेयरपर्सन सोनिका वधवा को चुना गया।
संस्था के पूर्व प्रधान दीपक चोपड़ा ने नए प्रधान विजय बजाज को पदभार सौंपा। इस मौके पर जोन 10 के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र चहल, जोन अध्यक्ष देवेंद्र गोयल, जोन उपाध्यक्ष सन्नी राणा ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके द्वारा नवनियुक्त प्रधान और नई टीम के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
पूर्व प्रधान दीपक चोपड़ा ने वर्ष 2019 के अपने कार्यकाल में संस्था द्वारा कराए गए सामाजिक कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस वर्ष नए प्रधान को सालभर सामाजिक गतिविधियों को जारी रखने की अपील की। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए जनहित कार्यों को वीडियो क्लिप के माध्यम से सभी सदस्यों और मेहमानों के सम्मुख प्रस्तुत किया। नए प्रधान विजय बजाज ने अपने पदाधिकारियों समेत इस बात की शपथ ली कि वर्ष 2020 में जेसीआई धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में सामाजिक कार्यों को बढ़-चढ़कर अंजाम देगी।
विधायक सुभाष सुधा के पुत्र एवं भाजपा नेता साहिल सुधा ने कहा कि शहर के विकास और सुंदरीकरण में जितना कार्य केंद्र और प्रदेश सरकार कर रही है और नई-नई योजनाएं बना रही है, इन सभी विकास कार्यों और योजनाओं को पूरा करवाने में सामाजिक संस्थाओं का भी उल्लेखनीय योगदान रहता है।