वर्षा पानी की निकासी के लिए खोदा जा रहा था गड्ढे, मिट्टी का तोंदा गिरने से दो मजदूर दबे, एक की मौत
कृष्णा गेट थाना के अंतर्गत श्याम कालोनी में वर्षा के पानी की निकासी के लिए खोदे जा रहे गड्ढे में मिट्टी का तोंदा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कृष्णा गेट थाना के अंतर्गत श्याम कालोनी में वर्षा के पानी की निकासी के लिए खोदे जा रहे गड्ढे में मिट्टी का तोंदा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मिट्टी तोंदा गिरने से काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मजदूरों पर गिरी मिट्टी को हटाने का प्रयास किया गया। मगर वे सफल नहीं हो पाए। इसके बाद जेसीबी की मदद से मिट्टी को हटाया गया। मगर तब तक एक मजदूर की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मजदूर उपचाराधीन है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ था।
जानकारी के अनुसार श्याम कालोनी की मुख्य सड़क पर वर्षा का पानी एकत्रित हो जाता है। कालोनी की इस समस्या को लेकर लोगों ने प्रशासन के सामने मांग उठाई थी, जिसके बाद थानेसर नगर परिषद की ओर से यहां पर डिस्पोजल बनाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। बुधवार सुबह से ही मजदूर कार्य में जुटे हुए थे। सायं को गड्ढा खोदने का काम जारी था। इसी दौरान मिट्टी का तोंदा अचानक दो मजदूरों पर गिर गया, जिसमें बिहार के जिला भागलपुर स्थित गांव नवगछिआ निवासी कैलाश और राजेश दब गए। आसपास मजदूरों ने घटना होते ही शोर मचा दिया, जिसके चलते आसपास खड़े लोग भी वहां पहुंच गए और मिट्टी को हाथों हटाने का प्रयास किया। मगर मिट्टी को मजदूरों से हटा नहीं पाए। इसके चलते जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी को हटाने का काम शुरू किया गया। एक मजदूर को तो बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे मजदूर को निकालने में समय लग गया। जब तक मजदूर कैलाश को बाहर निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि फिर भी आसपास के लोग दोनों मजदूरों को लेकर नजदीक के अस्पताल में पहुंचे जहां कैलाश को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे मजदूर का इलाज किया जा रहा है।
मामले की जांच की जा रही : थाना प्रभारी
कृष्णा गेट थाना प्रभारी दिनेश चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में पूछताछ की जा रही है। वहीं एक मजदूर कैलाश के शव को एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है, दूसरे मजदूर का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर मिट्टी के ऊपर खड़े थे और अचानक मिट्टी गिरने उसे वे भी मिट्टी के तोंदा के साथ नीचे गिर गए और उसमें दब गए।