200 पुलिस कर्मचारियों को किया सम्मानित
शाहाबाद व आस-पास के क्षेत्र में कोरोना के दौरान सड़कों नाकों व अन्य स्थानों पर तैनात 200 पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : शाहाबाद व आस-पास के क्षेत्र में कोरोना के दौरान सड़कों, नाकों व अन्य स्थानों पर तैनात 200 पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस कर्मचारियों को यह सम्मान समाज सेवी स्वामी सुभाष चंद्र कल्याणी की ओर से दिया गया है। स्वामी सुभाष चंद्र कल्याणी ने कहा कि पुलिस कर्मचारी दिन रात ड्यूटी पर तैनात हैं। ऐसे में उनका स्वास्थ्य तंदरूस्त रहे, इसलिए उन्हें आर्गेनिक खाद्य वस्तुएं प्रदान की गई हैं जोकि उनके स्वास्थ्य के लिए ढाल का काम करेंगी। स्वामी सुभाष चंद्र कल्याणी ने कहा कि कोरोना महामारी में जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस हनुमान की तरह संजीवनी बूटी का काम कर रही है, इसलिए वह पुलिस कर्मचारियों को प्रणाम करते हैं। डीएसपी सुरेंद्र मांजू ने कहा कि पुलिस के साथ-साथ चिकित्सक व अन्य कर्मचारी भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की ड्यूटी के सकारात्मक परिणाम तब सामने आते हैं जब जनता पुलिस की प्रशंसा करने लगे। उन्होंने कहा कि वह आभार व्यक्त करते हैं कि स्वामी सुभाष चंद्र कल्याणी ने पुलिस कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने का काम किया। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित करने से ऊर्जा का संचार होगा। इससे पुलिस कर्मचारी प्रोत्साहित होंगे। इस अवसर पर पूर्व सरपंच पिटू राणा, सतीश शर्मा, जोगिद्र धीमान, अर्जुन बिडलान, विक्रम सिंह, मुकेश कुमार, संदीप व रवि मौजूद रहे।