आज लाल किले से हिदू और मुस्लिम बच्चों के मुख से गूजेंगी गीता वाणी
गीता का संदेश घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिसंबर को दिल्ली के लाल किला मैदान में गीता प्रेरणा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हिदू बच्चों द्वारा संस्कृत में तथा मुस्लिम बच्चों द्वारा उर्दू भाषा में गीता का पाठ रहेगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : गीता का संदेश घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिसंबर को दिल्ली के लाल किला मैदान में गीता प्रेरणा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हिदू बच्चों द्वारा संस्कृत में तथा मुस्लिम बच्चों द्वारा उर्दू भाषा में गीता का पाठ रहेगा। जीओ गीता (ग्लोबल इंस्पिरेशन एंड एनलाइटनमेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ गीता) के तत्वाधान में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के नेतृत्व में हो रहे कार्यक्रम में संत अवधेशानंद महाराज, संत परमानंद महाराज, साध्वी ऋतंभरा (दीदी मां) बुध जैन एवं मुस्लिम पंथों के गणमान्य संतों की उपस्थिति में गीता का संदेश गूंजेगा। उपरोक्त जानकारी देते हुए गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि गीता प्रेरणा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि देश भर से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। गीता प्रेरणा महोत्सव में गीता का संदेश घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा। स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र के लिए यदि कोई संदेश किसी ग्रंथ में निहित है तो वह पवित्र ग्रंथ गीता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत रहेंगे। कार्यक्रम की विशिष्ठ अतिथि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रताप सारंगी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित केंद्र एवं राज्यों की अनेकों गणमान्य सांसद, विधायक एवं मंत्री कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।