पशु क्रूरता अधिनियम के तहत तीन गिरफ्तार, 47 पशुओं को कराया मुक्त
शाहाबाद थाना पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत तीन लोगों को काबू किया है। आरोपितों के कब्जे से 47 पशुओं को मुक्त कराया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : शाहाबाद थाना पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत तीन लोगों को काबू किया है। आरोपितों के कब्जे से 47 पशुओं को मुक्त कराया है। आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें जमानत पर छोड़ दिया है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल ने बताया कि शाहाबाद थाना पुलिस लाडवा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पंजाब से एक कंटेनर शाहाबाद के रास्ते उत्तर प्रदेश जाएगा। पुलिस ने लाडवा रोड शाहाबाद में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस ने एक कंटेनर को जांच के लिए रोका। कंटेनर में 14 भैंसे, दो भैंसें व 31 कटड़े भरे हुए थे। केंटनर में सवार लोगों ने अपना नाम सहारनपुर के लखनौती निवासी भानु व सलमान बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज अदालत में पेश किया।