कुवि परिसर में जले हुए सामान से चोर ले गए हजारों का कॉपर
कुवि परिसर में जले हुए सामान से चोर ले गए हजारों का कॉपर जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में चोरों ने जले हुए सामान से कॉपर चुरा लिया। कुवि प्रशासन की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में चोरों ने जले हुए सामान से कॉपर चुरा लिया। कुवि प्रशासन की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नीता खन्ना ने भी मौके का मुआयना किया। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों को सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में कुछ दिन पूर्व डीन भवन में आग लग गई थी। इसमें कई कमरों को तहस-नहस कर दिया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से भवन को खाली किया गया था और जले हुए सामान को ओपन एयर थियेटर में रखवा दिया था। हालांकि प्रशासन की ओर से इस सामान की ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की गई थी। इस सामान में दर्जनों अलमारियां, कंप्यूटर और कमरों में लगने वाली जली हुई तारें भी पड़ी थी। इन तारों में कॉपर भी था जो कई किलो था। मंगलवार रात को चोरों ने ओपन एयर थियेटर से कॉपर को साफ कर दिया। जो हजारों रुपयों का था। कुवि मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सीआर जिलोवा ने बताया कि पुलिस को शिकायत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अभी सामान को उसमें रखा ही जा रहा था। पिछले दरवाजे को तो बंद कर दिया गया है, लेकिन चोर शायद दीवार फांद कर ही अंदर आया होगा।